Home > Lead Story > UP दौरा : प्रियंका के कार्यक्रम में लगे मोदी के नारे, कांग्रेसी भिड़े

UP दौरा : प्रियंका के कार्यक्रम में लगे मोदी के नारे, कांग्रेसी भिड़े

जब राजनीति का मकसद केवल सत्ता हासिल करना हो तो,समस्याएं खड़ी होती हैं

UP दौरा : प्रियंका के कार्यक्रम में लगे मोदी के नारे, कांग्रेसी भिड़े
X

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बुधवार को पहली बार आई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के कार्यक्रम में लगे मोदी—मोदी के नारे से माहौल गर्मा गया। इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता नारा लगाने वाले युवकों से भिड़ गये। यह देख मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को वहां से हटाया।

लोकसभा चुनाव में तीन दिवसीय पूर्वांचल के दौरे पर गंगा के रास्ते निकली प्रियंका गांधी दूसरे दिन मिर्जापुर चुनार गेस्ट हाउस में रूकी हुई थीं। आज पूर्वांह में प्रियंका सड़क मार्ग से वाहनों के काफिले में रामनगर शास्त्री चौक पहुंची। यहां प्रियंका को शास्त्री जी के मूर्ति पर माल्यार्पण करते देख उत्साहित कांग्रेस के कार्यकर्ता चौकीदार चोर हैं का नारा लगाने लगे। यह देख वहां मौजूद भगवाधारी युवकों ने भी जबाब में मोदी—मोदी का गगनभेदी नारा लगाना शुरू कर दिया। नारेबाजी सुन प्रियंका भी थोड़ी देर के लिए असहज दिखी। यह देख कांग्रेस के कार्यकर्ता मोदी—मोदी का नारा लगाने वाले युवकों से भिड़ गये। दोनों पक्षों में जमकर लात घूसा चलने से वहां अफरा—तफरी मच गई।

यह देख मौजूद पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों ने उप्रदवी युवकों को खदेड़ दिया । बवाल शान्त होते ही प्रियंका स्टीमर से अस्सीघाट के लिए रवाना हो गई।

कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गढ़ में आकर उन पर बड़ा हमला बोला हैं। प्रियंका ने केन्द्र सरकार को सीधे निशाने पर लेकर कहा कि जब राजनीति का मकसद केवल सत्ता हासिल करना होता है तो समस्याएं खड़ी होती हैं। भाजपा के नेता अहंकारी हो गये हैं।

तीन दिवसीय गंगा यात्रा के अन्तिम दिन प्रियंका अस्सीघाट पर 'सांची बात प्रियंका के साथ' कार्यक्रम में महिलाओं और मांझी समुदाय से संवाद कर रही थी। उन्होंने रोजगार, किसान और मछुआरों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को घेरते हुए कहा कि 56 इंच का सीना क​हां गायब हो गया। चुनाव को नई राजनीति चाहिए। यहां निषाद जाति के बहुत लोग हैं। लेकिन इनकी कोई मदद नहीं की गई है। आपको ऐसी सरकार चाहिए जो आपकी मदद करे,बनारस के लोग आवाज उठाये। उन्होंने कहा कि किसानों को उपज का सही दाम नहीं मिलता है। नौजवान भी परेशान है, उसे रोजगार नहीं मिला। इस दौरान उन्होंने भीड़ से पूछा, क्या बनारस में आपको रोज़गार मिला? तभी भीड़ ने कहा कि नहीं मिला । प्रियंका ने कहा कि आप सही सरकार चुनें। उन्होंने वादा किया कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही निषाद समाज के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर सरकार बनी तो मछुआरों के लिए अलग से मंत्रालय बनाया जाएगा।

इसके पूर्व मिर्ज़ापुर में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रियंका गांधी ने भाजपा पर सीधा हमला बोला । उन्होंने कहा " सत्ता जिसके सिर पर चढ़ जाती है उनको गलतफहमियां हो जाती हैं। पहले वो जो जनता को गुमराह करते हैं, दूसरे वो जो उनके खिलाफ बोलते हैं और डरते हैं। मैं डरती नहीं हूं, चाहे कुछ भी करें। हमें चाहे जितना प्रताड़ित करें हम डरते नहीं हैं। हम उनके खिलाफ लड़ते रहेंगे जितना हमें रोकेंगे हम उतना ही तेज लड़ेंगे।"

Updated : 20 March 2019 10:11 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top