Home > Lead Story > भाजपा ने पुष्कर सिंह धामी को सौंपी उत्तराखंड की कमान, दूसरी बार बनेंगे मुख्यमंत्री

भाजपा ने पुष्कर सिंह धामी को सौंपी उत्तराखंड की कमान, दूसरी बार बनेंगे मुख्यमंत्री

शपथ की तारीख अभी तय नहीं

भाजपा ने पुष्कर सिंह धामी को सौंपी उत्तराखंड की कमान, दूसरी बार बनेंगे मुख्यमंत्री
X

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तराखंड की विधानमंडल दल की बैठक में पुष्कर सिंह के दोबारा मुख्यमंत्री बनने पर मुहर लग गई है। केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह, मीनाक्षी लेखी और चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी की मौजूदगी में हुई बैठक में सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से धामी को अपना नेता चुना।

भाजपा में कई दिनों से मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहा सस्पेंस आज खत्म हो गया है। शाम पांच बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में विधानमंडल दल की बैठक शुरू हुई। केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह ने सबसे पहले सभी विधायकों से बात की। इसके बाद धामी को प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुन लिया गया। धामी के नाम पर मुहर लगने के बाद पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह ने दी।

दिल्ली में मंथन से निकला अमृत -


कई दिनों से दिल्ली के केंद्रीय नेताओं के बीच उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन चल रहा था। यह मंथन होली के पहले भी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बीच हुई थी। होली के बाद प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री सहित राज्य के अन्य वरिष्ठ नेताओं की गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठक हुई थी। दिल्ली से लेकर देहरादून तक कई दौर की बैठक के बाद अंततः पुष्कर सिंह धामी को ही नया मुख्यमंत्री चुन लिया गया।

राजनाथ सिंह ने दी बधाई -

राजनाथ सिंह ने कहा की उत्तराखंड में भाजपा विधायक दल की बैठक में पुष्कर धामी को नेता चुने जाने पर मैं हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ देता हूँ। मुझे पूरा विश्वास है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशा निर्देशन में और धामीजी के नेतृत्व में उत्तराखंड का बहुआयामी और बहुत तेज़ गति से विकास होगा।

शपथ ग्रहण समारोह -

आज या कल सुबह मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तारीख भी तय कर दी जाएगी। पिछले विधानसभा का कार्यकाल 24 मार्च तक है। इसलिए 24 मार्च से पहले मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण होने की पूरी संभावना है।

भाजपा को मिली 47 सीटें -

उत्तराखंड के पांचवीं विधानसभा के लिए हुए चुनाव में सभी 70 सीटों पर एक साथ 14 फरवरी को मतदान हुआ था। चुनाव का नतीजा 10 मार्च को आया था। इसमें भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।इस चुनाव में भाजपा ने 70 में से 47 सीटें जीतीं हैं। कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली है। 2 सीटों पर बसपा को जीत मिली है और 2 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने चुनाव जीता है।

Updated : 21 March 2022 12:46 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top