Home > Lead Story > लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ने वालों को नमन: मोदी

लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ने वालों को नमन: मोदी

लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ने वालों को नमन: मोदी
X

नई दिल्ली। इंदिरा गांधी के समय 1975 में लगे आपातकाल को 45 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ने वालों को नमन किया है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के समय संघर्ष करने वालों का त्याग और बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए हमला बोला है। शाह ने सवाल करते हुए कहा कि कांग्रेस आखिर आपातकाल वाली मानसिकता क्यों नहीं छोड़ रही है?

गृह मंत्री ने गुरूवार को कहा कि एक परिवार के हित दलीय व राष्ट्रीय हितों पर हावी हो गए हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर कांग्रेस आपातकाल की मानसिकता को क्यों नहीं छोड़ पा रही है। आपातकाल के 45 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में शाह ने ट्वीट कर दावा किया कि कांग्रेस के नेता अब अपनी ही पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं और जनता से विपक्षी पार्टी की दूरी बढ़ती ही जा रही है।

गृह मंत्री शाह ने कहा कि 45 साल पहले आज ही के दिन एक परिवार की सत्ता की लालसा ने देश पर आपातकाल थोपा। रातों-रात देश को कैदखाने में तब्दील कर दिया गया। प्रेस, अदालतें और यहां तक कि बोलने की आजादी भी कुचल दी गई। गरीबों और दबे-कुचलों पर अत्याचार किए गये। देश में 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 के बीच 21 महीने की अवधि तक आपातकाल लागू रहा। इंदिरा गांधी उस समय देश की प्रधानमंत्री थीं। पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आपातकाल हटा और लोकतंत्र बहाल हुआ। लेकिन, यह लोकतंत्र आज भी कांग्रेस पार्टी से नदारद है। उन्होंने कहा, एक परिवार का हित दलीय और राष्ट्रीय हितों पर हावी हो गया।

कांग्रेस में घुटन महसूस कर रहे पार्टी के नेता

पिछले दिनों हुई कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक का जिक्र करते हुए शाह ने दावा किया कि उसमें पार्टी के कुछ वरिष्ठ और युवा नेता कुछ मुद्दे उठाना चाहते थे लेकिन उन्हें चुप करा दिया गया। उन्होंने कहा कि हाल ही में कांग्रेस के एक प्रवक्ता को पद से हटा दिया गया। सच तो यह है कि पार्टी के नेता अब कांग्रेस में घुटन महसूस कर रहे हैं।

शाह ने कांग्रेस की कार्यशैली व उसकी मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर आज भी उसकी मानसिकता आपातकाल वाली क्यों है। क्यों एक परिवार से बाहर के सदस्य अपनी बात नहीं रख सकते। कांग्रेस के नेता क्यों आज अपनी ही पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं। यही हाल रहा तो जनता से कांग्रेस की दूरी बढ़ती ही चली जाएगी।

Updated : 26 Jun 2020 1:12 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top