Home > Lead Story > प्रधानमंत्री ने अलीगढ को दी सौगात, राजा महेंद्र सिंह विश्वविद्यालय का किया शिलान्यास

प्रधानमंत्री ने अलीगढ को दी सौगात, राजा महेंद्र सिंह विश्वविद्यालय का किया शिलान्यास

प्रधानमंत्री ने अलीगढ को दी सौगात, राजा महेंद्र सिंह विश्वविद्यालय का किया शिलान्यास
X

अलीगढ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताला उद्योग के लिए प्रसिद्ध अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह विवि और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मौजूद हैं

प्रधानमंत्री ने कहा आज अलीगढ़और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बहुत बड़ा दिन है। आज राधाष्टमी है, जो आज के दिन को और भी पुनीत बनाता है। बृज भूमि के कण-कण में राधा ही राधा हैं। मैं पूरे देश को राधाष्टमी की हार्दिक बधाई देता हूं। मैं आज स्वर्गीय कल्याण सिंह जी की अनुपस्थिति बहुत ज्यादा महसूस कर रहा हूं।आज कल्याण सिंह जी हमारे साथ होते तो राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय और डिफेंस सेक्टर में बन रही अलीगढ़ की नई पहचान को देखकर बहुत खुश हुए होते।

राष्ट्रभक्तों से भरा इतिहास -

हमारा इतिहास ऐसे तमाम राष्ट्रभक्तों से भरा है। हमारी आजादी की लड़ाई में ऐसे कितने ही महान सपूतों ने अपना सबकुछ खपा दिया। हमारी पीढ़ियां उनके बारे में जानने से वंचित रह गईं। आज उन गलतियों को भारत सुधार रहा है। राजा सुहेलदेव हों या फिर राज महेंद्र प्रताप सिंह हों। भारत माता के ऐसे सपूतों को नई पीढ़ी से पहचान कराने का कार्य हो रहा है।

महेंद्र सिंह का जीवन प्रेरणा -

आज देश आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने का महोत्सव मना रहा है। इस समय इसे और मजबूती से किया जा रहा है। जो युवा बड़े लक्ष्य हासिल करना चाहता है तो उसे राजा महेंद्र प्रताप के बारे में पढ़ना चाहिए, जानना चाहिए। वह भारत की आजादी चाहते थे। अपने जीवन का एक- एक पल इसी के लिए समर्पित कर दिया। वह भारत की आजादी के लिए अफगानिस्तान, पोलैंड, दक्षिण अफ्रीका समेत दुनिया के कोने- कोने में गए। वह जीवन भर काम करते रहे। आज के युवाओं से कहूंगा कि जब भी उन्हें कोई लक्ष्य कठिन लगे तो राजा महेंद्र प्रताप सिंह को जरूर याद करें। उनका जीवन हम सबको आज भी प्रेरणा देता है।

विश्वविद्यालय सच्ची श्रद्धांजली -

आज हम देश के एक और सपूत गुजरात के श्याम जी कृष्ण वर्मा को भी याद करना चाहते हैं। वह भी मां भारती के लिए जीने की प्रेरणा देते हैं। पीएम के नाते मुझे महान स्वतन्त्रता सेनानी के नाम विश्वविद्यालय की स्थापना का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। राजा महेंद्र सिर्फ भारत की आजादी के लिए ही नहीं लड़े। उन्होंने देश को आगे बढ़ाने के लिए भी काम किया। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के लिए राजा महेंद्र ने ही जमीन दी थी। अन्य संस्थान खोलने में भी उनका योगदान रहा है। उनके नाम पर विश्वविद्यालय सच्ची श्रद्धांजलि है। इस कार्य को करने के लिए योगी और उनकी टीम को बहुत-बहुत बधाई।

स्वतंत्रता सेनानी -

उल्लेखनीय है कि इस विश्वविद्यालय को राज्य सरकार महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद् और सामाजिक सुधारक राजा महेन्द्र प्रताप सिंह के सम्मान में स्थापित कर रही है। विश्वविद्यालय की स्थापना अलीगढ़ की कोल तहसील के गांव लोधा और गांव मूसेपुर करीम जरौली में 92 एकड़ से अधिक रकबे की जमीन पर होगी। अलीगढ़ प्रखंड के 395 कॉलेज इस विश्वविद्यालय से सम्बद्ध होंगे।

1245 करोड़ रुपये का निवेश -

उत्तर प्रदेश में रक्षा औद्योगिक गलियारे की स्थापना की घोषणा प्रधानमंत्री ने 21 फरवरी, 2018 को लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश निवेशक सम्मेलन का उद्घाटन करने के दौरान की थी। रक्षा औद्योगिक गलियारे के छह नोड–अलीगढ़, आगरा, कानपुर, चित्रकूट, झांसी और लखनऊ की योजना बनाई गई है। अलीगढ़-नोड के सिलसिले में भूमि आवंटन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और 19 फर्मों को जमीन आवंटित कर दी गई है, जो इसके विकास के लिये 1245 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी।

Updated : 12 Oct 2021 10:32 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top