Home > Lead Story > PM Modi ने UN मुख्यालय में 135 देशों के प्रतिनिधियों के साथ किया योग, कहा - ये कॉपीराइट, पेटेंट और रायल्टी से मुक्त है

PM Modi ने UN मुख्यालय में 135 देशों के प्रतिनिधियों के साथ किया योग, कहा - ये कॉपीराइट, पेटेंट और रायल्टी से मुक्त है

सभी देशों के प्रतिनिधियों के भाग लेने पर दिखा 'वसुधैव कुटुंबकम्' का भाव

PM Modi ने UN मुख्यालय में 135 देशों के प्रतिनिधियों के साथ किया योग, कहा - ये कॉपीराइट, पेटेंट और रायल्टी से मुक्त है
X

न्यूयॉर्क/वेबडेस्क। संयुक्त राष्ट्र संघ के मुख्यालय में बुधवार को दुनिया के विभिन्न देशों के लोगों ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ योग किया। इस दौरान प्राचीन भारतीय परंपरा ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का भाव जाग्रत दिखा। प्रधानमंत्री मोदी ने भी कहा कि सभी देशों के लोगों का योग करना सुखद है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया। दुनिया के विभिन्न देशों से जुटे लोगों को देख मोदी ने कहा कि मैं आप सभी को देखकर प्रसन्न हूं और आने के लिए आप सभी का धन्यवाद करता हूं। मुझे बताया गया है कि आज यहां लगभग हर राष्ट्रीयता का प्रतिनिधित्व है। वैसे भी योग का मतलब है जोड़ना, इसलिए योग के लिए आप साथ आ रहे हैं।


मोदी ने कहा कि यहां आपमें से बहुत सारे लोग बहुत दूर यहां आए हैं। योग भारत से आया है और यह बहुत पुरानी परंपरा है। सभी प्राचीन भारतीय परंपराओं की तरह यह भी जीवंत और गतिशील है। योग जीवन का एक तरीका है। ये विचारों और कार्यों में सावधानी बरतने का एक तरीका है। ये स्वयं के साथ, दूसरों के साथ और प्रकृति के साथ सद्भाव से जीने का तरीका है। योग कॉपीराइट, पेटेंट और रॉयल्टी से मुक्त होता है। योग आपकी आयु, लिंग और फिटनेस स्तर के अनुकूल है। योग पोर्टेबल है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हम योग की शक्ति का उपयोग न केवल स्वस्थ, खुश रहने के लिए करें बल्कि स्वयं और एक-दूसरे के प्रति दयालु होने के लिए भी करें। आइए हम शांतिपूर्ण दुनिया और स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य के पुल बनाने के लिए योग की शक्ति का उपयोग करें। आइए हम एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के लक्ष्य को साकार करने के लिए हाथ मिलाएं। उन्होंने कहा कि पिछले साल पूरी दुनिया 2023 को अंतरराष्ट्रीय बाजरा वर्ष के रूप में मनाने के भारत के प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए एक साथ आई थी। एक बार फिर से पूरी दुनिया को योग के लिए फिर से साथ आते देखना अद्भुत है।


इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के लॉन में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। संयुक्त राष्ट्र में भारत की राजदूत रुचिरा कंबोज ने कहा कि आज का उत्सव वास्तव में बहुत खास हो गया, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां योग करने के लिए जुटे लोगों का नेतृत्व करने आए हैं। उन्हीं के नेतृत्व में 2014 में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया था। इस आयोजन में दुनिया के तमाम दिग्गज जुटे।पीएम मोदी के नेतृत्व में योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अंतरराष्ट्रीय गायिका मैरी मिलबेन भारतीय परिधान में न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पहुंचीं। उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छी सुबह है और इस महान दिन का हिस्सा बनना कितना अद्भुत सम्मान है। भारतीय प्रधानमंत्री अपनी संयुक्त राज्य अमेरिका यात्रा का जश्न मना रहे हैं और निश्चित रूप से वे सभी अद्भुत काम दुनिया भर में कर रहे हैं। हमारे पास एक अच्छा हफ्ता होने वाला है। इसी तरह रिचर्ड गेर भी योग करने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि आज यहां बहुत अच्छा अहसास हो रहा है।

Updated : 21 Jun 2023 3:12 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top