Home > Lead Story > भारत ने मॉरीशस को दी सौगात, प्रधानमंत्री ने कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन

भारत ने मॉरीशस को दी सौगात, प्रधानमंत्री ने कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन

भारत ने मॉरीशस को दी सौगात, प्रधानमंत्री ने कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन
X

नईदिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मॉरीशस के समकक्ष प्रविंद कुमार जगन्नाथ ने गुरुवार को संयुक्त रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मॉरीशस में भारत-सहायता प्राप्त सामाजिक आवास इकाइयों की परियोजना का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मॉरीशस विकास साझेदारी के भारतीय दृष्टिकोण का एक प्रमुख उदाहरण है। यह दृष्टिकोण भागीदारों की जरूरतों तथा प्राथमिकताओं पर आधारित है और उनकी संप्रभुता का सम्मान करता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों देशों का समुद्री सुरक्षा सहित द्विपक्षीय सहयोग से जुड़ा दृष्टिकोण अमल में आ रहा है। मॉरीशस हिंद महासागर में भारत के दृष्टिकोण का अभिन्न अंग है और 'क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास' से जुड़ी सागर पहल का महत्वपूर्ण सहयोगी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में दोनों देश कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम करेंगे। इसमें क्षेत्रीय प्रत्यारोपण इकाई, फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला, राष्ट्रीय पुस्तकालय और अभिलेखागार, मॉरीशस पुलिस अकादमी और कई अन्य परियोजनाएं शामिल हैं। भारत हमेशा मॉरीशस के साथ खड़ा रहेगा।

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान वैक्सीन सहयोग सहित दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मॉरीशस दुनिया के उन चंद देशों में शामिल है, जिन्होंने अपनी आबादी के तीन-चौथाई हिस्से को पूरी तरह से टीका लगाया है। भारत और मॉरीशस इतिहास, वंश, संस्कृति, भाषा और हिंद महासागर से एकजुट हैं। आज हमारी मजबूत विकास साझेदारी हमारे घनिष्ठ संबंधों के एक प्रमुख स्तंभ के रूप में उभरी है। प्रधानमंत्री ने भारत-मॉरीशस संबंधों को मजबूत करने में स्वर्गीय सर अनिरुद्ध जगन्नाथ के शानदार योगदान को भी याद किया।

कार्यक्रम के दौरान मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ ने तकनीकी और वित्तीय सहयोग के लिए भारत का धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि भारतीय सहयोग से चल रही परियोजनाओं बेहद उपयोगी साबित हुई हैं। इसमें मेट्रो एक्सप्रेस वे, ईएनटी अस्पताल और सुप्रीम कोर्ट की बिल्डिंग शामिल है। इसी सहयोग को दर्शाने के लिए सबसे बड़े मेट्रो स्टेशन का नाम महात्मा गांधी स्टेशन रखने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त संबंध हैं। मॉरीशस अगले साल भारत के साथ संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने को भी रेखांकित करेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ गुरुवार को संयुक्त रूप से मॉरीशस में भारत-सहायता प्राप्त सामाजिक आवास परियोजना का उद्घाटन किया। दोनों नेताओं ने मॉरीशस में सिविल सर्विस कॉलेज और 8 मेगावाट सोलर पीवी फार्म परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया। दोनों का निर्माण भारत की विकास कार्यों संबंधी सहायता से हो रहा है। इसके अलावा इस दौरान मेट्रो एक्सप्रेस परियोजना और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए मॉरीशस को 19 करोड़ अमेरिकी डॉलर की ऋण सहायता और लघु विकास परियोजनाओं के कार्यान्वयन से जुड़े समझौता ज्ञापन (एमओयू) का भी आदान-प्रदान किया गया।

Updated : 21 Jan 2022 2:16 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top