Home > Lead Story > कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज का निधन, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने जताया दुःख

कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज का निधन, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने जताया दुःख

कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज का निधन, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने जताया दुःख
X

नईदिल्ली। पद्म विभूषण से सम्मानित दुनिया भर में मशहूर कथक नर्तक पंडित बिरजू महाराज का रविवार देर रात निधन हो गया। 83 वर्षीय बिरजू महाराज को हार्ट अटैक के बाद अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बिरजू महाराज के पोते स्वरांश मिश्रा ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है। जानकारी के मुताबिक देर रात उन्हें हार्ट अटैक के बाद दिल्ली के साकेत अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो गयी।पंडित बिरजू महाराज के निधन से भारतीय कला जगत ने एक दिग्गज कलाकार को खो दिया है। शीर्ष नर्तकों में शुमार बिरजू महाराज ने कथक नृत्य को नया आयाम दिया। कला जगत से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

राष्ट्रपति ने जताया शोक -

राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने सोमवार को कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज के निधन पर दुख जताते हुये इसे एक युग का अंत बताया है।

राष्ट्रपति कोविन्द ने ट्वीट कर कहा, "महान पंडित बिरजू महाराज का निधन एक युग के अंत का प्रतीक है। यह भारतीय संगीत और सांस्कृतिक स्थान में एक गहरा शून्य छोड़ देता है। वे कथक को विश्व स्तर पर लोकप्रिय बनाने में अद्वितीय योगदान देकर एक प्रतीक बन गये। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना।"

उपराष्ट्रपति ने जताया दुःख -

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने ट्वीट कर कहा, "कथक नृत्य के विश्व प्रख्यात गुरु पंडित बिरजू महाराज जी के निधन से भारतीय संस्कृति की एक जीवंत धरोहर का अवसान हुआ है। उनके परिजनों, कला प्रशंसकों और उनके शिष्यों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। मेरी विनम्र श्रद्धांजलि!"

प्रधानमंत्री ने जताया शोक -

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज के निधन पर दुख जताते हुये कहा कि उनका जाना संपूर्ण कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, "भारतीय नृत्य कला को विश्वभर में विशिष्ट पहचान दिलाने वाले पंडित बिरजू महाराज जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनका जाना संपूर्ण कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।"


Updated : 21 Jan 2022 2:36 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top