Home > Lead Story > पंजाब में हुआ सीटों का बंटवारा, भाजपा 65, पंजाब लोक कांग्रेस 37, अकाली दल 15 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

पंजाब में हुआ सीटों का बंटवारा, भाजपा 65, पंजाब लोक कांग्रेस 37, अकाली दल 15 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

भाजपा मुख्यालय में नड्डा, कैप्टन और ढ़ींढसा ने किया सीट बंटवारे का एलान

पंजाब में हुआ सीटों का बंटवारा, भाजपा 65, पंजाब लोक कांग्रेस 37, अकाली दल 15 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
X

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), पंजाब लोक कांग्रेस और संयुक्त अकाली दल (ढींढ़सा) के बीच सीटों के बंटवारे का एलान हो गया। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे 117 सीटों वाले इस राज्य में भाजपा 65, पंजाब लोक कांग्रेस 37 और संयुक्त अकाली दल (ढ़ींढसा) 15 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पंजाब लोक कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह, संयुक्त अकाली दल (ढ़ींढसा) प्रमुख सुखदेव सिंह ढ़ींढ़सा ने सीटों के बंटवारे की घोषणा की। इस दौरान पंजाब भाजपा के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश और पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्विनी कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।

पंजाब में स्थिर और मजबूत सरकार -

नड्डा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में भाजपा, पंजाब लोक कांग्रेस और संयुक्त अकाली दल-ढिंढसा, हम सब मिलकर पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा 65 सीटों पर, पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों पर और 15 सीटों पर संयुक्त अकाली दल-ढिंढ़सा चुनाव लड़ेंगे। नड्डा ने कहा कि पंजाब बॉर्डर पर स्थित राज्य है, देश की सुरक्षा के लिए पंजाब में स्थिर और मजबूत सरकार बनना आवश्यक है। पाकिस्तान की हरकतें हमारे देश के लिए कैसी रही हैं, ये हमें मालूम है। उन्होंने कहा कि सबने देखा है कि ड्रग्स की और हथियारों की स्मगलिंग का प्रयास वहां होता रहता है।

पीढ़ियों को सुरक्षित करने वाला चुनाव -

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बहुत तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। इसको पटरी से उतारने का कुत्सित प्रयास, देशविरोधी ताकतें करती हैं। देशविरोधी ताकतों की हमेशा कोशिश रहती है कि वह पंजाब के जरिये देश के विकास की गति में बाधा डालने का काम करें। नड्डा ने कहा कि ये चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का ही माध्यम नहीं है, सरकार बदलना ही इस चुनाव का उद्देश्य नहीं है। ये चुनाव आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित करने के लिए और पंजाब को स्थिरता देने के लिए है। उन्होंने कहा कि पंजाब सुरक्षित रहता है तो देश सुरक्षित रहता है।

पंजाब के लोगों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया -

भाजपा नेता ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए पंजाब के लोगों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है, पंजाब ने देश को जो खाद्य सुरक्षा दी है, उसे भी देश कभी भूल नहीं सकता। पंजाब ने हमारी आशाओं को हमेशा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि हम कभी भी गुरु गोबिंद सिंह के योगदान को नहीं भूल सकते, गुरु तेगबहादुर जी के बलिदान को हम कभी नहीं भूल सकते। जो शौर्य और बलिदान पंजाब का रहा है, उसे भारत सदैव याद रखेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब ने हमें सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से हमें नेतृत्व दिया है।

नड्डा ने कहा कि माफियाराज ने पंजाब को खोखला करने का काम किया है। आज जमीन माफिया, रेत माफिया, ड्रग माफिया से सभी पंजाब को खोखला कर रहे हैं। इसलिए राजग एक कमिटमेंट के साथ आगे बढ़ रहा है कि हम इस माफियाराज को समाप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब पर आज विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब पहले जहां विकास की ओर अग्रसर था, आज वो नीचे खिसक रहा है। पंजाब को आर्थिक दृष्टि से सबल बनाना भी हमारी जिम्मेदारी होती है। केंद्र-राज्य के रिश्ते स्थिरता और सुरक्षा के लिए बहुत आवश्यक है, ये भी हमें याद रखना चाहिए।


Updated : 27 Jan 2022 8:40 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top