Home > Lead Story > केसीआर ने लांच की राष्ट्रीय पार्टी, TRS का नाम बदलकर 'भारत राष्ट्र समिति' किया, 2024 के चुनाव पर नजर

केसीआर ने लांच की राष्ट्रीय पार्टी, TRS का नाम बदलकर 'भारत राष्ट्र समिति' किया, 2024 के चुनाव पर नजर

केसीआर ने लांच की राष्ट्रीय पार्टी, TRS का नाम बदलकर भारत राष्ट्र समिति किया, 2024 के चुनाव पर नजर
X

हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री और तेलंगाना राष्ट्र समिति के अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव ने आज दशहरे के अवसर पर अपनी नई पार्टी को लॉन्च कर दिया।उन्होंने इस पार्टी को भारत राष्ट्र समिति नाम दिया है। उन्होंने कहा- तेलंगाना राष्ट्रीय समिति अब BRS बन गई है। इस कार्यक्रम में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी और DMK के सहयोगी थोल थिरुमावलम मौजूद थे।

केसीआर ने वर्ष 2024 के आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए ये पार्टी लांच की है। उन्होंने नई पार्टी के गठन से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, तमिलनाडु सीएम एमके स्टालिन, केरला के पिनराई विजयन और ओडिशा के नवीन पटनायक से मुलाकात की थी।

भारत राष्ट्र समिति

तेलंगाना राष्ट्र समिति को राष्ट्रीय राजनीतिक दल के रूप में बदलने का एक प्रस्ताव पार्टी की आम सभा की बैठक में पेश किया गया। पार्टी प्रमुख और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने बैठक में उपस्थित सदस्यों को यह प्रस्ताव पढ़कर सुनाया और कहा कि पार्टी संविधान में भी नाम बदलने को लेकर संशोधन किया गया है।प्रस्ताव के अनुसार अब भविष्य में तेलंगाना राष्ट्र समिति को भारत राष्ट्र समिति के नाम से जाना जाएगा।बैठक में इस प्रस्ताव को सर्व सहमति से स्वीकृति दे दी गई। केसीआर ने इस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करके पार्टी का नाम बदलने का ऐलान किया, जिसका हर्ष उल्लास के साथ स्वागत किया गया। तुरंत बाद कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने पार्टी को अपने शुभकामनाएं दी है। बैठक में जनता दल सेक्युलर की कर्नाटक इकाई के स्थानीय नेता और विधायक भी हैदराबाद पहुंचे।

चुनाव आयोग को सौपेंगे पत्र -

इस बैठक में पार्टी के सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला परिषद अध्यक्ष और पार्टी सदस्य आदि कुल 290 सदस्यों ने हिस्सा लिया। राष्ट्रीय राजनीतिक दल बीआरएस की आधिकारिक घोषणा के बाद अब अगले सप्ताह नई दिल्ली में केंद्रीय चुनाव आयोग को पार्टी के नए नाम को पंजीकृत करने के सम्बन्ध में पत्र सौंपा जाएगा।

दिल्ली में करेंगे सभा -

बता दें की केसीआर वर्ष 2018 से ही राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होने की तैयारी कर रहे है। वे कई मौकों पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के खिलाफ हमला बोल चुके है। बताया जा रहा है की केसीआर 9 अक्टूबर को दिल्ली में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस सभा में वे अपने राष्ट्रीय एजेंडे की जानकारी दे सकते है। पार्टी की लॉन्चिंग के बाद KCR समर्थकों ने हैदराबाद में जश्न मनाया।


Updated : 8 Oct 2022 11:21 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top