Home > Lead Story > राहुल गांधी ने झूठी कहानियां बना देश की छवि खराब करने की कोशिश की : वित्तमंत्री

राहुल गांधी ने झूठी कहानियां बना देश की छवि खराब करने की कोशिश की : वित्तमंत्री

राहुल गांधी ने झूठी कहानियां बना देश की छवि खराब करने की कोशिश की : वित्तमंत्री
X

नईदिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को लोकसभा में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को 'डूम्सडे मैन' (नाश करने वाला व्यक्ति) की संज्ञा देते हुए कहा कि उन्होंने झूठी कहानियां बना देश की छवि खराब करने की कोशिश की है। सीतारमण ने कहा कि हमें अपेक्षा थी की राहुल गाँधी सदन में सकरात्मक चर्चा करेंगे।

वित्त मंत्री सीतारमण ने चर्चा के दौरान राहुल गांधी के बयान का विशेष जिक्र किया। उन्होंने राहुल द्वारा बजट के स्थान पर किसानों के मुद्दों पर चर्चा के लिए आलोचना की। उन्होंने कहा कि अच्छा होता की राहुल गांधी बजट और कृषि कानूनों की कमियां बताते। वित्त मंत्री ने राहुल गांधी और कांग्रेस से किसान आंदोलन से संबंधित 10 बड़े सवाल पूछे। उन्होंने पूछा कि सदन में कृषि कानूनों का समर्थन करने के बावजूद पार्टी ने इस पर अपना रुख क्यों बदला। उन्होंने पूछा की कांग्रेस शासित राज्यों में किसानों के कर्जे माफ क्यों नहीं किए गए और उन्हें पराली जलाने पर लगी रोक से जुड़ी राहत क्यों नहीं दी गई।

संवैधानिक पदों की गरिमा को सम्मान नहीं देते -

सीतारमण ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं और संवैधानिक पदों की गरिमा को सम्मान नहीं देते और लगातार फर्जी कथानक तैयार कर भारत का अपमान करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी के नेता होने के बावजूद राहुल विभाजनकारी ताकतों के साथ मिलकर राजनीति करते रहते हैं। उनकी अपेक्षा थी कि वह कृषि कानूनों की कमियां बताते।

सरकार गरीबों की मदद में विशवास करती है -

वित्त मंत्री ने पिछली कांग्रेस सरकारों पर अर्थव्यवस्था को लेकर स्पष्ट नीति ना अपनाने और देश की क्षमताओं का उचित उपयोग ना करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनसंघ और बाद में भाजपा नेतृत्व वाली सरकारों ने भारत के उद्योगपतियों, युवाओं और व्यापारियों की योग्यता व क्षमता को सम्मान दिया है।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार धन सृजनकर्ताओं, करदाताओं और आमजन का सम्मान करती है। इनके प्रयासों का लाभ उठाकर गरीब व वंचित तबके की मदद करने पर विश्वास रखती है।

हमारे लिए जनता ही सर्वोपरि

वित्त मंत्री ने कांग्रेस की ओर से धनकुबेरों को मदद पहुंचाने के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि हमारे लिए जनता ही सर्वोपरि है। उन्होंने आरोप लगाया कि असल में धन कुबेर कांग्रेस पार्टी में छुपे हुए हैं जिन्हें पोर्ट तक निर्माण का कार्य दिया जाता रहा। वह अपने समय में कोई खुला टेंडर जारी नहीं करते थे। सीतारमण ने कहा कि असल में 'हम दो-हमारे दो' का अर्थ यह है कि दो लोग पार्टी चलाएंगे और दो लोग बेटी और दामाद उसका लाभ उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि बजट में किए गए आर्थिक सुधार भारत को विश्व की शीर्ष अर्थव्यवस्था बनाने के लिए हैं। इसमें आत्मनिर्भर भारत को गति देने का प्रयास किया गया है। कोरोना महामारी के बावजूद सरकार ने आर्थिक सुधारों को जारी रखते हुए दीर्घकालिक लक्ष्यों की पूर्ति के लिए बजट में प्रावधान किए हैं।



Updated : 12 Oct 2021 10:56 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top