Home > Lead Story > प्रथम चरण के मतदान के लिए थमा प्रचार, 91 लोकसभा सीटों पर 11 अप्रैल को पड़ेंगे वोट

प्रथम चरण के मतदान के लिए थमा प्रचार, 91 लोकसभा सीटों पर 11 अप्रैल को पड़ेंगे वोट

प्रथम चरण के मतदान के लिए थमा प्रचार, 91 लोकसभा सीटों पर 11 अप्रैल को पड़ेंगे वोट
X

-नितिन गडकरी, किरण रिजिजू, वीके सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री आजमा रहे किस्मत

नई दिल्ली, 09 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान के लिए मंगलवार को चुनाव प्रचार थम गया। 17वीं लोकसभा के गठन के लिए देश में हो रहे आम चुनाव के पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान होना है। पहले चरण में होने वाले मतदान के लिए कई केंद्रीय मंत्री भी चुनाव मैदान में हैं। इसके साथ आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, और सिक्किम के सभी विधानसभा क्षेत्रों और ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा।

महाराष्ट्र की नागपुर सीट से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, चंद्रपुर से राज्यमंत्री हंसराज अहीर, जम्मू के उधमपुर से प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह, अरुणाचल पश्चिमी से केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू, उत्तर प्रदेश के बागपत से केंद्रीय राज्यमंत्री सत्यपाल सिंह, गाजियाबाद से केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह और गौतम बुद्ध नगर से महेश शर्मा मैदान किस्मत आजमा रहे हैं। इनकी किस्मत का फैसला 11 अप्रैल को ईवीएम में बंद हो जाएगा। साथ ही बिहार की जमुई लोकसभा सीट से लोकजनशक्ति पार्टी(लोजपा) संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान भी बिहार की जमुई सीट से दोबारा भाग्य आजमा रहे हैं। 2014 लोकसभा चुनाव में उन्होंने इसी सीट से जीत दर्ज की थी।

पहले चरण में आंध्र प्रदेश की 25, तेलंगाना की 17, उत्तराखंड की पांच, अरुणाचल की दो, मणिपुर की एक, मेघालय की दो, मिजोरम की एक, नगालैंड की एक, सिक्किम की एक, अंडमान निकोबार की एक, लक्षद्वीप की एक और त्रिपुरा की एक लोकसभा सीट पर मतदान होगा। जबकि असम की पांच, बिहार की चार, छत्तीसगढ़ की एक, पश्चिम बंगाल की दो, महाराष्ट्र की सात, जम्मू कश्मीर की दो, उत्तर प्रदेश की आठ और ओडिशा की चार लोकसभा सीटों पर मतदान होना है।इसके साथ आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के सभी विधानसभा क्षेत्रों तथा ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों पर मतदान सम्पन्न कराया जाएगा।

इन सभी सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा। जबकि मतदान प्रक्रिया का अंतिम समय स्थानीय परिस्थियों के मुताबिक अलग-अलग है। इनमें कई सीटों में शाम 6 बजे तक मतदान की प्रक्रिया चलेगी, तो कुछ सीटों पर शाम 4 बजे और कुछ पर 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा।

इन 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों के लिए गत 18 मार्च को अधिसूचना जारी की गई थी और नामांकन की आखिरी तिथि 28 मार्च थी।

Updated : 9 April 2019 12:43 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top