राजग ने द्रौपदी मुर्मू को बनाया राष्ट्रपति उम्मीदवार, रह चुकी है झारखण्ड की राज्यपाल

राजग ने द्रौपदी मुर्मू को बनाया राष्ट्रपति उम्मीदवार, रह चुकी है झारखण्ड की राज्यपाल
X

नईदिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रपति पद के लिए झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्वंय वे और राजनाथ सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व के संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के घटक दलों के साथ बातचीत की। लेकिन सर्वसम्मति की बात नहीं हो पायी। संप्रग ने आज अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया। नड्डा ने कहा कि संप्रग की घोषणा के बाद राजग के घटक दलों के साथ बातचीत हुई और भाजपा संसदीय बोर्ड में 20 नामों पर चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि पहली बार किसी महिला आदिवासी को राष्ट्रपति के रूप में वरीयता दी गई है। हम आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए द्रौपदी मुर्मू को एनडीए के उम्मीदवार के रूप में घोषित करते हैं। इससे पहले पार्टी मुख्यालय पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने स्वागत किया। पार्टी मुख्यालय पर हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित संसदीय बोर्ड के अन्य सदस्य शामिल हुए हैं।

राष्ट्रपति चुनाव के अधिसूचना जारी -

उल्लेखनीय है कि विपक्षी दलों की ओर से संयुक्त उम्मीदवार को तौर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को मैदान में उतारा है। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को पूरा हो रहा है। चुनाव आयोग ने राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 29 जून नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। यदि जरूरी हुआ तो 18 जुलाई को मतदान कराया जाएगा।

Tags

Next Story