Home > Lead Story > भारत-चीन सीमा पर खड़गे ने खड़े किए सवाल, राजनाथ सिंह ने कहा - ये सेना का अपमान

भारत-चीन सीमा पर खड़गे ने खड़े किए सवाल, राजनाथ सिंह ने कहा - ये सेना का अपमान

हमने विपक्ष में नेताओं की मंशा पर कभी सवाल नहीं उठाया सिर्फ नीतियों के आधार पर बहस की है

भारत-चीन सीमा पर खड़गे ने खड़े किए सवाल, राजनाथ सिंह ने कहा - ये सेना का अपमान
X

नईदिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारत-चीन सीमा विवाद पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने मांग की है कि केंद्र सरकार स्थिति स्पष्ट करे। खड़गे ने शनिवार को ट्वीट किया है कि चीन के सैनिक डोकलाम क्षेत्र में जम्फेरी रिज तक निर्माण कर रहे हैं। यह स्थान सिलीगुड़ी कॉरिडोर के बहुत करीब है। यह हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़नी चाहिए।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा- यह सेना के शौर्य पर सवाल है। हमने विपक्ष में नेताओं की मंशा पर कभी सवाल नहीं उठाया। हमने सिर्फ नीतियों के आधार पर बहस की है। इस बीच, कानून मंत्री किरण रिजिजू तवांग के यांग्त्से इलाके में पहुंचे। यहीं भारतीय सैनिकों की चीनी सेना के साथ झड़प हुई थी। उन्होंने भारतीय सैनिकों से मुलाकात की और इलाके का जायजा लिया।उन्होंने कहा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार की सुबह कहा कि संसद में मैंने जो कहा है, उससे अलग बात नहीं कहूंगा। गलवान हो या तवांग, हमारे रक्षा बलों ने अपनी वीरता और पराक्रम को साबित किया है। सेना ने अपने साहस से बॉर्डर पर करिश्मा किया है। उन्होंने आगे कहा कि हमने विपक्ष में नेताओं की मंशा पर कभी सवाल नहीं उठाया। हमने सिर्फ नीतियों के आधार पर बहस की है।

उल्लेखनीय है कि इस मुद्दे पर कांग्रेस सड़क से संसद तक मोर्चा खोले हुए है। कई दिनों से कांग्रेस इस मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने की मांग कर रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी लगातार भाजपा पर हमलावर हैं। राहुल ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि उधर चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है, इधर भाजपा सरकार 'इवेंट मैनेजमेंट' में लगी है। देश से सच्चाई छुपाने की कोशिश करने से बेहतर होगा चीन को भारत की शक्ति दिखाई जाए।

Updated : 18 Dec 2022 6:17 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top