Home > Lead Story > मुख्यमंत्री शिवराज झारखंड सीएम हेमंत सोरेन पर बरसे, बयान को असंयमित और अमर्यादित बताया

मुख्यमंत्री शिवराज झारखंड सीएम हेमंत सोरेन पर बरसे, बयान को असंयमित और अमर्यादित बताया

मुख्यमंत्री शिवराज झारखंड सीएम हेमंत सोरेन पर बरसे, बयान को असंयमित और अमर्यादित बताया
X

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा किये गए ट्वीट पर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री, केंद्र सरकार के कई मंत्रियों ने हेमंत सोरेन पर पलटवार किया है। कई बड़े नेता अब सोशल मीडिया पर हेमंत सोरेन को जवाब देने में लग गए है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी हेमंत सोरेन के ट्वीट की निंदा करते हुए इसे असंयमित और अमर्यादित बताया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को एक के बाद लगातार कई ट्वीट कर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र से कल फोन पर चर्चा के बाद झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा ट्वीट न केवल राजनीतिक लाभ की मंशा से किया गया, अपितु उसकी भाषा भी पूरी तरह से असंयमित और अमर्यादित थी। वे इसकी घोर भर्त्सना करते हैं।

प्रधानमंत्री सबकी सुनते है -

सीएम शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रदेश के हर मुख्यमंत्री और देश के हर व्यक्ति की बात सुनते हैं। हेमंत सोरेन को यह याद रखना चाहिए कि प्रधानमंत्री ने झारखण्ड की चिंता करते हुए स्वयं फोन किया था। देश और झारखण्ड भी कोरोना की चुनौती से इस समय जूझ रहा है, तो इस समय प्रधानमंत्री ने केवल कोविड के संबंध में बात की। यदि हेमंत सोरेन को कोई और बात करनी थी, तो उन्हें इससे पहले प्रधानमंत्री को फोन करके अपनी समस्या से अवगत कराना चाहिये था, उन्हें किसने रोका था। नरेन्द्र मोदी संवेदनशील प्रधानमंत्री हैं। वे देश को कोरोना की चुनौती से बाहर निकालने के लिए दिन-रात कार्य कर रहे हैं।

देश माफ नहीं करेगा -

मुख्यमंत्री ने निशाना साधते हुए कहा कि हेमंत सोरेन को देश माफ नहीं करेगा। यह समय अनर्गल प्रलाप कर देश को क्षति पहुंचाने और राजनीतिक लाभ उठाने का नहीं, बल्कि एकजुट होकर कोरोना को परास्त करने का है। प्रधानमंत्री ने संघीय व्यवस्था के अनुरूप कार्य एवं सहयोग का उत्तम उदाहरण प्रस्तुत किया। सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से चर्चा और संवाद कर उनके राज्य की समस्याएं सुलझाने का कार्य भी उन्होंने सदैव आगे बढ़कर किया। हेमंत सोरेन पर तंज कसते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए हेमंत सोरेन अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर मुख्यमंत्री पद की गरिमा को धूमिल कर रहे हैं। किसी भी मुख्यमंत्री ने आज तक किसी प्रधानमंत्री के लिए ऐसी निकृष्टतम भाषा का प्रयोग नहीं किया है।

हेमंत सोरेन ने क्या किया था ट्वीट?

उल्लेखनीय है कि कोरोना संकट पर पीएम मोदी ने जब कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों से चर्चा की, तो उसके बाद गुरुवार रात को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि 'आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने फोन किया। उन्होंने सिर्फ अपने मन की बात की, बेहतर होता यदि वो काम की बात करते और काम की बात सुनते।' इसी ट्वीट को लेकर बवाल हुआ है।

Updated : 12 Oct 2021 10:43 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top