Home > Lead Story > मप्र के मुख्यमंत्री, गृहमंत्री पहुंचे दिल्ली, कैबिनेट में बदलाव पर हो सकता है फैसला

मप्र के मुख्यमंत्री, गृहमंत्री पहुंचे दिल्ली, कैबिनेट में बदलाव पर हो सकता है फैसला

मप्र के मुख्यमंत्री, गृहमंत्री पहुंचे दिल्ली, कैबिनेट में बदलाव पर हो सकता है फैसला
X

भोपाल। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के कोर की बैठक अब से कुछ ही देर में दिल्ली में होने वाली है। इस बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान समेत कई मंत्री और प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी दिल्ली पहुंच गए हैं। भाजपा कोर ग्रुप की यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि 22 अप्रैल को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भोपाल प्रवास पर आए थे। उन्होंने प्रदेश के बड़े नेताओं व मंत्रियों की बैठक ली थी। इसके बाद अब कोर ग्रुप की बैठक दिल्ली में बुलाई गई है।

प्रदेश भाजपा आगामी दिनों में कई बड़े फैसले करने की तैयारी में है। इसी के मद्देनजर गुरुवार को दिल्ली में प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप की बड़ी बैठक बुलाई गई है। इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली पहुंच गए हैं और गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी एक दिन पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और संगठन के महामंत्री हितानंद शर्मा मौजूद रहेंगे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इस बैठक में शामिल होंगे। पहले वे गुरुवार को विदेश यात्रा पर जा रहे थे, लेकिन बैठक का समय सुबह 11 बजे कर दिए जाने से अब वे कोर ग्रुप की बैठक में भाग लेंगे।

माना जा रहा है कि बैठक में शिवराज कैबिनेट में फेरबदल और विस्तार पर फैसला हो सकता है। जोबट से विधायक सुलोचना रावत को मंत्री बनाया जा सकता है। सुलोचना आदिवासी नेता हैं, इसलिए उन्हें कैबिनेट में जगह देकर आदिवासियों को साधने की कोशिश की जा सकती है। वहीं, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के पास जो दो बड़े विभाग परिवहन व राजस्व हैं, उनमें से एक विभाग उनसे वापस लिए जाने पर निर्णय हो सकता है। फिलहाल कैबिनेट में 4 मंत्री पद रिक्त हैं।

Updated : 29 April 2022 6:00 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top