दुश्मन की गोली का जवाब गोले से दिया जायेगा: उमरिया में गरजे मुख्यमंत्री डॉ.यादव, बोले-जो हमसे टकराएगा चूर-चूर हो जायेगा...

उमरिया/पाली। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने बुधवार को उमरिया व पाली में अपने प्रवास के दौरान पाकिस्तान को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने पड़ोसी देश को साफ तौर पर चेतावनी देते हुए कहा कि जो हमसे टकराएगा, चूर-चूर हो जाएगा। हमारी सेना ने पाकिस्तान की सेना को धूल चटा दी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भी कहा है कि दुश्मन अगर गोली चलाएगा तो उसे गोले से जवाब मिलेगा।
उक्त आशय के उद्गार मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने उमरिया के पाली में आयोजित गौरेया ग्राम पंचायत में पेसा ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं के प्रतिनिधियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किये। संबोधन के पूर्व डॉ.यादव ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के साथ विधायक बांधवगढ़ शिवनारायण सिंह, सांसद शहडोल हिमाद्री सिंह, पूर्व मंत्री ज्ञान सिंह भी मौजूद रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नेे विकास का संकल्प भी दिलवाया।
-हर जिले में शव वाहन
सम्मेलन में उपस्थित विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने के कहा कि प्रदेश के हर जिले में शव वाहन दिया जाएगा। इससे किसी को भी शव ले जाने में परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल में गरीब मरीज की मौत होने पर शव को उसके घर पहुंचाने की जिम्मेदारी सरकार की है।
-14.71 करोड़ की चार नई परियोजनाओं का भूमिपूजन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 14.71 करोड़ रुपए की चार नई परियोजनाओं का भूमिपूजन किया, जिसके अंतर्गत मानपुर नगर पालिका में अमृत 2.0 के तहत 7 करोड़ का नाला डायवर्सन और एसटीपी का निर्माण किया जायेगा। मानपुर में 5.57 करोड़ की तरल अपशिष्ट प्रबंधन योजना बनेगी। धनवार में 1.39 करोड़ का माध्यमिक स्कूल बनेगा। मानपुर के वार्ड 7 में 75 लाख रुपए का नया कार्यालय भवन का निर्माण किया जायेगा। पौड़ी में 8.63 करोड़ का जोहिला नदी पुल बनेगा। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही 39.14 करोड़ रुपए की 22 परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया।
-अटल जी की जयंती पर भोपाल में होंगे कार्यक्रम
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर साल भर मेले लगाए जाएंगे। इसके अंतर्गत बड़ा कार्यक्रम भोपाल में अक्टूबर महीने में किया जाएगा।
-इन विकास कार्यों की सौगात
प्रदेश के मुखिया ने सम्मलेन के दौरान भीमा डोंगरी में 7.81 करोड़ का सोहागपुर-मानपुर मार्ग और नरवार में 5.88 करोड़ का कौडिय़ा मार्ग बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही चंसुरा और जलधरा में 3.7-3.7 करोड़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
मानपुर और बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में नल जल योजनाएं प्रारंभ की जाएंगी। मानपुर विधानसभा के 13 गांवों में 48 लाख से 86 लाख रुपए की योजनाएं शुरू होंगी।
