Home > Lead Story > कूनो से आई खुशखबरी, चीतों का बढ़ा कुनबा, नामीबिया से आई सियाया ने 4 शावकों को दिया जन्म

कूनो से आई खुशखबरी, चीतों का बढ़ा कुनबा, नामीबिया से आई सियाया ने 4 शावकों को दिया जन्म

कूनो से आई खुशखबरी, चीतों का बढ़ा कुनबा, नामीबिया से आई सियाया ने 4 शावकों को दिया जन्म
X

श्योपुर। मप्र के श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यहां नामीबिया से आई एक मादा चीता ने 4 शावकों को जन्म दिया है। इस संबंध में पर्यावरण मंत्री ने ट्वीट कर जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट के साथ एक तस्वीर भी साझा की है।

पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने ट्वीट कर कहा है कि अमृत काल के दौरान हमारे वन्यजीव संरक्षण के इतिहास में एक महत्वपूर्ण घटना! उन्होंने आगे लिखा, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में 17 सितंबर 2022 को भारत लाए गए चीतों में से एक के चार शावकों का जन्म हुआ है।

मुख्यमंत्री ने जताई ख़ुशी -


मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीट कर नन्हें शावकों के आने पर खुशी जाहिर की है। गौरतलब है कि कूनो नेशनल पार्क में आठ अफ्रीकन चीते लाए गए थे। इनमें तीन नर और पांच मादा शामिल थे। इनमें एक मादा चीता की मंगलवार को मौत हो गई। पांच साल की मादा चीता साशा किडनी संक्रमण से पीड़ित थी। 22 जनवरी को किडनी की बीमारी से पीड़ित होने की सूचना मिली थी। बताया जा रहा है कि भारत आने से पहले ही वह किडनी की बीमारी से जूझ रही थी। नामीबिया में उसका ऑपरेशन भी हुआ था लेकिन यह बात छिपाई गई थी।

कूनो उद्यान के डीएफओ पीके वर्मा ने बताया कि कूनो के बाड़ा नंबर चार और पांच जुड़े हुए हैं। पांच नंबर बाड़े में तीन साल की सियाया थी। इस बाड़े में सियाया के साथ एक अन्य मादा चीता को रखा गया था, जबकि चार नंबर बाड़े में नर चीता फ्रेडी और आल्टन को रखा गया था। इन दोनों नर चीतों को बाडे़ में छोड़ा गया था। संभावना है कि एल्डन या फ्रेडी से मेटिंग के बाद सियाया मां बनी है। सियाया ने दो से तीन दिन पहले चार शावकों को जन्म दिया है। हालाकि कूनो प्रबंधन को बुधवार सुबह ही पता लगा है। माना जा रहा है इन शावकों का जन्म 24 मार्च को जन्म हुआ है। माना जा रहा है कि सियाया के प्रेग्नेंट होने की जानकारी 20 दिन पहले ही कूनो उद्यान प्रबंधन को मिली थी। तभी से उसे विशेष निगरानी में रखा गया था।

चीतों की संख्या 23 हुई -

उल्लेखनीय है कि पिछले साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जन्मदिन पर नामीबिया से लाए गए आठ चीतों को कूनो उद्यान में छोड़ा था, जिन्हें 50 दिन छोटे बाड़ों में क्वारेंटाइन रखने के बाद बड़े बाड़े में शिफ्ट कर दिया गया। इसके बाद विगत फरवरी में ही दक्षिण अफ्रीका से 12 चीतों की दूसरी खेप कूनो लाई गई। इन्हें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने यहां क्वारेंटाइन बाड़ों में रिलीज किया था। इसके बाद यहां चीतों की कुल संख्या 20 हो गई थी, लेकिन दो दिन पहले मादा चीता साशा की मौत के बाद यह संख्या घटकर 19 रह गई थी। चार शावकों के जन्म के बाद यहां चीतों की संख्या 23 हो गई है।

Updated : 29 March 2023 10:11 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top