Home > Lead Story > मप्र में भाजपा ने फहराया परचम, 11 निकायों पर कब्जा बरकरार, कांग्रेस राघौगढ़ में सिमटी

मप्र में भाजपा ने फहराया परचम, 11 निकायों पर कब्जा बरकरार, कांग्रेस राघौगढ़ में सिमटी

मुख्यमंत्री बोले, जनता ने विकास को चुना

मप्र में भाजपा ने फहराया परचम, 11 निकायों पर कब्जा बरकरार, कांग्रेस राघौगढ़ में सिमटी
X

भोपाल। मध्यप्रदेश के 5 जिलों के 19 नगरीय निकायों में चुनाव की मतगणना पूरी हो गई है। इनमें से 11 पर भाजपा और 8 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। 4 नगर पालिका व 7 नगर परिषदों में भाजपा का कब्जा हो गया है। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के गढ़ राघौगढ़ और पीथमपुर में नगर पालिका में जीत दर्ज की है। जबकि 6 नगर परिषदों में भी कांग्रेस को जीत मिली है।

कांग्रेस ने राघौगढ़ नगर पालिका के 16 वार्डों में जीत हासिल की है। जबकि भाजपा को 8 वार्डों में जीत मिली है। यहां पर कुल 24 वार्डों के लिए मतदान हुआ था। ओंकारेश्वर में भाजपा की नगर सरकार बनना तय हो चुका है। यहां 15 में से 9 वार्डों में भाजपा तो 6 में कांग्रेस जीती है। मंत्री प्रेम सिंह पटेल और राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी के गढ़ बड़वानी में भी भाजपा ने जीत हासिल की है। यहां शुरुआती दौर में भाजपा पीछे थी। सोलंकी व लोकसभा सांसद गजेंद्र पटेल के वार्ड 9 में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस नेता व पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन के क्षेत्र राजपुर में भी भाजपा ने जीत दर्ज की है। धार जिले के पीथमपुर नगर पालिका पर कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है। यहां धार विधायक नीना वर्मा के पति व भाजपा के दिग्गज नेता विक्रम वर्मा की साख दांव पर थी। यहां पार्टी को अपने ही बागियों से बड़ा नुकसान पहुंचा। बड़वानी जिले के सेंधवा में भी भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। मध्यप्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ये आखिरी निकाय चुनाव है। ऐसे में दोनों प्रमुख सियासी दल भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेताओं ने भी अपनी ताकत लगा दी थी।

राघौगढ़ में कांग्रेस 16, भाजपा 8 वार्डों में विजयी

राघौगढ़ कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व सीएम दिग्विजयसिंह का गढ़ रहा है। यहां कांग्रेस ने 16 वार्डों में जीत हासिल की है। जबकि भाजपा को 8 सीटों पर जीत मिली है। यहां कुल 24 वार्डों के लिए मतगणना हुई। पहले राउंड के बाद 13 वार्डों में कांग्रेस और 11 में भाजपा आगे चल रही थी, लेकिन बाद के चक्रों में कांग्रेस ने बढ़त बना ली।

मुख्यमंत्री बोले, जनता ने विकास को चुना 8

निवाड़ी जिले के ओरछा में चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बड़वानी, सेंधवा, धार की नगर पालिकाएं पिछली बार कांग्रेस के पास थीं, जो भाजपा ने उनसे छीन ली हैं। राघौगढ़ में भी शानदार टक्कर हुई, थोड़ी कमी रह गयी। बड़वानी में भी कांग्रेस पूरी तरह से साफ हो गई है। शहडोल संभाग के जैतहरी में भी भाजपा जीती, निमाड़ में ओंकारेश्ववर में चुनाव था वहां भी भाजपा जीती है। धार और मनावर नगर पालिका के साथ ही डही भी भाजपा ने जीती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार फिर जनता ने भाजपा के साथ खड़े रहकर विकास के साथ खड़े होने की प्रतिबद्धता जताई है।

Updated : 4 Feb 2023 8:00 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top