Home > Lead Story > जेपी नड्डा ने गाजीपुर से किया मिशन 2024 का शंखनाद, कांग्रेस पर बरसे, गिनाई उपलब्धियां

जेपी नड्डा ने गाजीपुर से किया मिशन 2024 का शंखनाद, कांग्रेस पर बरसे, गिनाई उपलब्धियां

कांग्रेस सरकार में आतंकी हमले होते थे और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रहती थी

जेपी नड्डा ने गाजीपुर से किया मिशन 2024 का शंखनाद, कांग्रेस पर बरसे, गिनाई उपलब्धियां
X

गाजीपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में आतंकी हमले होते थे और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रहती थी, जबकि मोदी सरकार में कायराना आतंकी हमलों का जवाब सर्जिकल और एयर स्ट्राइक के जरिए दिया गया। इससे भारत ने पूरी दुनिया को संदेश दिया कि भारत अपनी सीमाओं की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।

काशी में बाबा विश्वनाथ के दरबार में माथा टेकने के बाद भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने शुक्रवार को गाजीपुर पहुंचकर भूतपूर्व सैनिकों के साथ संवाद किया एवं उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान नड्डा ने अपने उद्बोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे उस धरती पर आने का मौका मिला है जिससे परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद जी का संबंध है। मैं इस महान धरा को नमन करता हूं। मैं इस बात से गौरवान्वित होता हूं कि भारत की फौज दुनिया की सबसे ताकतवर फौज मानी जाती है। किसी भी प्रकार के संकट में भारतीय जवानों ने अपने जीवन को पूरी तत्परता से लगाया है। हमारी तथा सीमा की सुरक्षा की है।

पाकिस्तान अलग-थलग

नड्डा ने कहा कि आज पाकिस्तान अलग-थलग हो चुका है क्योंकि दुनिया को समझ आ गया है कि आतंकवाद का जनक कौन है। दुनिया यह भी समझ चुकी है कि भारत ने किस तरह आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी है। सबसे बड़ा बदलाव जो मोदी सरकार में हुआ है, वह यह है कि हमारी विदेश नीति आज हमारी रक्षा बलों का समर्थन करती है। हमारे प्रधानमंत्री ने दुनिया को बता दिया है कि भारत न तो किसी तरह के आतंकवाद का समर्थन करता है और न ही इसे बर्दाश्त करेगा।

आपके आंखें बंद कर लेने से दुश्मन तो अपनी आंखें बंद नहीं करेगा

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार में एक डिफेंस मिनिस्टर हुए एके एंटनी। उन्होंने बाकायदा संसद में बयान दिया था कि सीमावर्ती क्षेत्र को इसलिए अविकसित रखते हैं कि उससे सीमा सुरक्षित रहेगी। जरा सोचिए यह क्या नजरिया है। ऐसे देश चलता है क्या ? आपके आंखें बंद कर लेने से दुश्मन तो अपनी आंखें बंद नहीं करेगा। चीन अपनी ओर सीमा पर सड़क बना रहा था और भारत में घुसपैठ की फिराक में था। प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच ने उनके नापाक मंसूबों पर पानी फेर दिया है। आज सीमा क्षेत्रों में भारत तेज गति से विकास कर रहा है। 2014 से 2022 तक सीमा पर लगभग 3000 किलोमीटर ऑल वेदर रोड बना दी गई है। कई पुल बनाए गए हैं। रोप-वे बनाए जा रहे हैं। हजारों फुट की ऊंचाई पर भी सड़क बनाई गयी है।

डिफेन्स एक्सपोर्ट आठ गुना बढ़ा -

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि हमारा डिफेंस एक्स्पोर्ट भी लगभग आठ गुना बढ़ा है। 2014 में तमारा डिफेंस एक्सपोर्ट 1941 करोड़ था। जो कि आज बढ़कर लगभग 12 हजार करोड़ को पार कर गया है। वर्ष 2020 की तुलना में इसमें लगभग 54% की वृद्धि हुई है। कांग्रेस सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रहती थी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारी फौज शक्तिशाली हुई है और भारत दुनिया में मजबूत हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Updated : 20 Jan 2023 1:46 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top