Home > Lead Story > भाजपा राष्ट्रीय अधिवेशन : सदियों तक असर छोड़ने वाला होगा 2019 का चुनाव - अमित शाह

भाजपा राष्ट्रीय अधिवेशन : सदियों तक असर छोड़ने वाला होगा 2019 का चुनाव - अमित शाह

चौबे जी छब्बे बनने निकले थे और दुबे बनकर निकले, राहुल पर कसा तंज

नई दिल्ली/स्वदेश वेब डेस्क। पांच साल पहले दिल्ली के रामलीला मैदान से ही 272 प्लस का संकल्प लेकर 2014 में अभूतपूर्व प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसी स्थल से फिर से 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए देश की जनता व कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि आप फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा करें। दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन की शुरूआत करते हुए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि जनसंघ और भाजपा को राजनीतिक पहचान देने में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि अटल जी आज हमारे बीच नहीं हैं, हम उनकी कमी महसूस कर रहे हैं, लेकिन कारवां रुकेगा नहीं। उनके बताए रास्ते पर चलते रहेंगे। हम 2019 के चुनाव मैदान में जाने के लिए तैयार हैं। ये चुनाव भाजपा और देश दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा और गौरव यात्रा जारी रहेगी। रामलीला मैदान में देशभर से आए 12 हजार से भी ज्यादा संख्या में कार्यकर्ताओं ने ''अबकी बार फिर मोदी सरकार'' के नारे के साथ अमित शाह के संकल्प का पुरजोर समर्थन किया।

शाह ने कहा कि 2019 का चुनाव दो विचारधाराओं के बीच है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 35 दल एक साथ खड़े हैं, दूसरी तरफ वे लोग हैं, जिनका कोई नेता तक नहीं है। स्वार्थ के लिए इकट्ठा हुए हैं। अमित शाह ने कहा कि मैं मानता हूं कि 2019 का यह युद्ध सदियों तक असर छोड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि हमारे पास 16 राज्यों की सरकारों की ताकत है और इसके साथ चुनाव मैदान में जा रहे हैं। 5 साल के अंदर देश का विकास और गौरव दोगुनी रफ्तार से बढ़ा है। 2019 में हमारी विजय निश्चित है। देश की जनता मोदी जी के पीछे चट्टान की तरह खड़ी है। मोदी जैसा लोकप्रिय नेता विश्व में किसी दल के पास नहीं है।

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 73 से 74 होने की संभावना है, लेकिन 72 नहीं होगा। हम 50 प्रतिशत की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि कभी एक दूसरे का मुंह न देखने वाले आज हाथ मिलाकर टहल रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि मोदी जी को हराना मुश्किल है। अमित शाह ने कहा कि दुनिया के किसी देश में 50 करोड़ लोगों को समाहित करने वाली स्वास्थ्य योजना नहीं है। हमने गरीबों के लिए बहुत काम किया। 2014 तक देश की सुरक्षा का कोई ठौर-ठिकाना नहीं था। इस स्थिति में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने। सबसे पहला काम हमने जवानों को वन रैंक वन पेंशन देने का काम किया। जवानों के परिवारों का सम्मान किया। पहले गोलियां चलाने के लिए दिल्ली पूछना पड़ता था। हमने कहा, गोली का जवाब गोले से दिया जाए। पीछे नहीं हटना है। 70 साल से देश ऐसी सरकार चाहता था। नक्सलवाद और माओवाद खत्म होने की कगार पर है। पाकिस्तान के अंदर घुसके जवानों की हत्या का बदला बदला लिया।

सुरक्षा और भ्रष्टाचार पर कांग्रेस पर तंज

भाजपा अध्यक्ष ने भ्रष्टाचार और सुरक्षा मसले पर कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए। अमित शाह ने कहा कि मैं राहुल गांधी एंड कंपनी से पूछना चाहता हूं कि वे बताएं कि देश में घुसपैठिये रहें या नहीं। यह हमारे लिए वोट बैंक का मुद्दा नहीं है, बल्कि देश की सुरक्षा का मुद्दा है। चुनाव जीतने के लिए सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में हमारा डंका बज रहा है। एक के बाद एक गौरव के पल भाजपा के नेतृत्व में आ रहे हैं और आगे और भी ऐसे पल सामने आएंगे। 5 साल तक मोदी जी ने भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी।

राफेल डील के मसले पर अमित शाह ने कहा कि जब मामला उच्चतम न्यायालय में गया तो मैंने राहुल गांधी को कहा कि आपके पास जितने भी दस्तावेज हैं वो अदालत को दे दीजिये, लेकिन नहीं दिया। सिर्फ भ्रांतियां फैलाई। उन्हें लगा था कि हम संसद में नहीं बोलेंगे, लेकिन झूठ का पर्दाफाश किया. रक्षामंत्री ने एक-एक बिंदु पर जवाब दिया। चैबे जी छब्बे बनने निकले थे और दूबे बनकर संसद से बाहर आए। अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने अगड़ा समाज के लिए 10 फीसद आरक्षण का प्रावधान कर बहुत बड़ा कदम उठाया है। कांग्रेस के नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि हम जनता को मूर्ख बना रहे हैं। मैं कहता हूं कि जरा अपना घोषणापत्र उठाकर देख लीजिये...आपने भी यह वादा किया था।

घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे

भाजपा अध्यक्ष ने पूर्वोत्तर राज्यों सहित देश के किसी भी इलाकों में रहने वाले घुसपैठियों को बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि अकेले असम से 40 लाख घुसपैठिए चिन्हित किए गए। सपा, बसपा और कांग्रेस ने इन घुसपैठियों के चिन्हित किए जाने पर उनकी रोटी, कमाई की चिंता की। भाजपा देशहित में सख्त कदम उठाने से नहीं हिचकिचाएगी। इसमें वोट बैेंक की चिंता नहीं है।

Updated : 27 Feb 2019 9:22 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top