Home > Lead Story > मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के साथ महापौर प्रत्याशी सुमन शर्मा ने जमा किया नामांकन

मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के साथ महापौर प्रत्याशी सुमन शर्मा ने जमा किया नामांकन

केंद्रीय व प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, नेताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची पार्टी प्रत्याशी

मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के साथ महापौर प्रत्याशी सुमन शर्मा ने जमा किया नामांकन
X

ग्वालियर। ग्वालियर नगर निगम चुनाव में महापौर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी श्रीमती सुमन शर्मा ने आज अपना नामांकन जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर, श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद श्री विवेक शेजवलकर, पार्टी के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य श्री जयभान सिंह पवैया, प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, श्री भारत सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री श्री अनूप मिश्रा सहित वरिष्ठ नेतागण उपस्थित थे।

विकास को सही दिशा और आकार मिले, इसके लिए भाजपा की जीत जरूरी -


भाजपा प्रत्याशी श्रीमती सुमन शर्मा द्वारा नामांकन दाखिल करने के उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि भाजपा विकास और जनकल्याण के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। यह काम ठीक ढंग से चले और ग्वालियर के विकास को ठीक आकार और दिशा मिले इसके लिए आवश्यक है कि ग्वालियर नगर निगम भाजपा के पास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर और श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दोनों ग्वालियर और मध्यप्रदेश का केन्द्र में प्रतिनिधित्व कर रहे है। दोनों नेताओं के प्रयासों से केन्द्र सरकार की योजनाएं ग्वालियर में आ रही हैं। ऐलीवेटेड कॉरिडोर का पहला फेस स्वीकृत हो चुका है। चंबल से पीने के पानी को ग्वालियर लाया जा रहा है उसकी योजना तैयार कर ली गयी है। 1 हजार बिस्तर का अस्पताल बनकर तैयार हो गया है। ग्वालियर को नया एयरपोर्ट, नया रेलवे स्टेशन, एग्रीकल्चर के क्षेत्र में कई सौगातें केन्द्र और राज्य की डबल इंजन की सरकारें दे रही हैं। यह ग्वालियर के विकास का स्वर्ण युग है। जिस तेजी से हम ग्वालियर के विकास के लिए प्रयास कर रहे हैं, उसके लिए आवश्यक है कि भाजपा का महापौर हो।

कांग्रेस में कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं


मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि एकमात्र भारतीय जनता पार्टी है, जिसने गाइडलाइन का पालन करते हुए कार्यकर्ताओं को महापौर का टिकट दिया है। कांग्रेस में कार्यकर्ता का कोई सम्मान नहीं है। विधायक को ही महापौर बनाओ या विधायक के परिवार से महापौर बनाओ। ऐसे में तो एक ही खानदान के पास सब कुछ चला जायेगा। लेकिन भाजपा ने नए मापदंड स्थापित किए हैं और यह तय किया है कि विधायक महापौर का चुनाव नहीं लड़ेंगे। ग्वालियर में भी पार्टी ने जमीन से जुड़ी कार्यकर्ता सुमन शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है।

दबंगई, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार से मुक्त प्रशासन देगी भाजपा -


प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि ग्वालियर महापौर का चुनाव भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक मतों से जीतेगी। श्री शर्मा ने कहा कि ग्वालियर में हम उन सामान्य कार्यकर्ताओं को जनता का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुन रहे हैं, जो दंबगई, गुंडागर्दी, अवैध वसूली और भ्रष्टाचार से मुक्त प्रशासन देने का काम करेंगे।

पार्टी नेताओं ने मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष की अगवानी की

प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा की ग्वालियर पहुंचने पर राजमाता विजयाराजे सिंधिया हवाई अड्डे पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अगवानी की। इस अवसर पर सांसद श्री विवेक शेजवलकर, जिलाध्यक्ष श्री कमल माखीजानी, श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, श्री भारत सिंह कुशवाह, श्री अनूप मिश्रा, श्री अरूण चतुर्वेदी, श्री जयप्रकाश राजौरिया एवं श्री हरीश मेवाफरोश ने पुष्पमाला पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।

जगह-जगह हुआ पार्टी नेताओं और महापौर प्रत्याशी का स्वागत

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा सड़क मार्ग से मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना की। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिंदाबाद के गगनभेदी नारे लगाकर एवं ढोल ताशे से मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। विभिन्न मोर्चों ने भाजपा नेतागणों का मंशापूर्ण हनुमान मंदिर से जिला निर्वाचन कार्यालय तक रास्ते में जगह-जगह भव्य स्वागत किया। युवा मोर्चा ने राजमाता चौराहे, सिटी सेंटर पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री प्रतीक तिवारी के नेतृत्व में, पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने मोटल तानसेन पर पिछडा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष मुलायाम सिंह यादव के नेतृत्व में, महिला मोर्चा ने एनसीसी कॉलेज पर मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती नीलिमा शिंदे के नेतृत्व में, किसान मोर्चा ने मान सिंह तोमर प्रतिमा पर मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्री गिर्राज व्यास के नेतृत्व में, सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अनिल त्रिपाठी ने एसपी आफिस के सामने, भाजपा जिला मंत्री गिर्राज कंसाना ने अलकापुरी पर और रामकृष्ण मंडल ने नगर निगम कार्यालय के समीप उमेश भदौरिया के नेतृत्व में, भगत सिंह मंडल ने शकुंतलापुरी चौराहे पर हरिओम झा के नेतृत्व में पुष्पहार पहनाकर प्रत्याशी सुमन शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का स्वागत किया।

भागवत कथा स्थल पहुंचे वरिष्ठ नेता, आचार्य जी का किया स्वागत

नामांकन जमा करने के बाद मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्रीद्वय श्री नरेंद्र सिंह तोमर, श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा प्रत्याशी श्रीमती सुमन शर्मा, प्रदेश महामंत्री श्री रणवीर रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेंद्र पाराशर विवेक विहार स्थित भागवत कथा स्थल पहंचे और आचार्य जी का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया।

Updated : 17 Jun 2022 2:56 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top