भाजपा ने शुरू की विधानसभा चुनाव की तैयारी, इन नेताओं को सौंपी राज्यों की कमान

भाजपा ने शुरू की विधानसभा चुनाव की तैयारी, इन नेताओं को सौंपी राज्यों की कमान
X

नईदिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उत्तर प्रदेश समेत, उत्तराखंड, पंजाब और मणिपुर विधानसभा चुनावों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा की है।

राजनीतिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश के चुनावी प्रबंधन की कमान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को सौंपी गई है। उनके साथ ही चार अन्य केंद्रीय मंत्रियों समेत सात नेताओं को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे, केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ ही राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय, विवेक ठाकुर और हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

उत्तराखंड की कमान -

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी चुनाव प्रभारी नियुक्त किये गये हैं। उनके साथ ही दो बतौर सह-प्रभारी लॉकेट चटर्जी और आरपी सिंह की भी तैनाती हुई है। लॉकेट चटर्जी पश्चिम बंगाल से लोकसभा सदस्य हैं और आरपी सिंह भाजपा के प्रवक्ता हैं।

पंजाब की कमान -

भाजपा ने पंजाब चुनाव के लिए केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को प्रभारी बनाया है। जबकि पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी, विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी और सांसद विनोद चावड़ा को सह-प्रभारी बनाया गया है।

मणिपुर की कमान -

उधर, पूर्वोत्तर के मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु मंत्री भूपेन्द्र यादव को प्रभारी बनाया गया है। वहीं, केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्यमंत्री प्रतिमा भौमिक और असम सरकार में मंत्री अशोक सिंघल को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।इन सभी राज्यों में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं।

Tags

Next Story