Bhopal Rape Case: स्कूल टीचर बना हैवान, 3 साल की मासूम से रेप, कांग्रेस बोली - सो रहा है गृह मंत्रालय

Balaghat Gang Rape Case
X

Balaghat Gang Rape Case

Bhopal Rape Case : मध्यप्रदेश। राजधानी भोपाल में तीन साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। पीड़ित बच्ची की मां ने पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद रेप का खुलासा हुआ। तीन साल की बच्ची से रेप उसके स्कूल में पढ़ाने वाले टीचर ने ही किया है। इस घटना पर सरकार को घेरते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि, "गृह मंत्रालय सो रहा है और स्थिति बदतर होती जा रही है।"

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बच्ची से रेप करने वाले आरोपी का नाम कासिम रेहान है। वह स्कूल में आईटी पढ़ाता है। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि, बच्ची जब स्कूल से घर लौटी तो उसके प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान थे। इसके बाद जब स्कूल प्रबंधकों से इस बारे में बात की तो उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।

डीसीपी प्रियंका शुक्ल का कहना है कि, आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वह इस समय पुलिस की हिरासत में है। वहीं शिक्षा मंत्री का कहना है कि, आरोपी के खिलाफ तो कार्रवाई की ही जाएगी, साथ ही साथ स्कूल के खिलाफ भी एक्शन लिया जाएगा।

भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा का कहना है कि, "कमला नगर थाने में 3.5 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई गई थी... इस घटना का आरोपी स्कूल का शिक्षक है जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है... आरोपी का नाम कासिम रेहान है।"

इस मामले पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, "आज माननीय राष्ट्रपति मध्य प्रदेश आ रहीं हैं। मैंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर राष्ट्रपति जी को पत्र लिखा है। 3 साल की मासूम बच्ची के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। मैं राष्ट्रपति जी से अनुरोध करता हूं कि वे इस मामले की जांच करें। प्रदेश का गृह मंत्रालय सो रहा है और स्थिति बदतर होती जा रही है।"

Tags

Next Story