Home > देश > समाजवादी पार्टी की सरकार तीन 'P' पर चलती थी, "परिवारवाद, पक्षपात, पलायन" : अमित शाह

समाजवादी पार्टी की सरकार तीन 'P' पर चलती थी, "परिवारवाद, पक्षपात, पलायन" : अमित शाह

अमित शाह जनआशीर्वाद यात्रा में उमड़े जनसैलाब को देख गदगद हुए

समाजवादी पार्टी की सरकार तीन P पर चलती थी, परिवारवाद, पक्षपात, पलायन : अमित शाह
X

मुरादाबाद। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पार्टी की जनसभा में गुरुवार को बसपा प्रमुख मायावती, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर तंज कसा। शाह ने कहा कि राज्य विधानसभा के आगामी चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं के सामने बुआ, बबुआ और बहन की दाल नहीं गलेगी। बुआ, बबुआ और बहन तीनों इकट्ठे हो जाएं तो भी उनकी दाल गलने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी।

पलायन कराने वाले खुद ही पलायन कर गए -


केंद्रीय मंत्री शाह ने मुरादाबाद में भाजपा की जन विश्वास यात्रा के पहुंचने पर आयोजित जनसभा में कहा कि मुरादाबाद एकमात्र ऐसा जनपद है जिसमें भाजपा को घाटा हुआ। उन्होंने इस बार यहां की जनता से जिले की सभी 6 की 6 सीटों पर कमल खिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद को पीतलनगरी की पहचान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत दी। उन्होंने कहा कि बुआ-बबुआ ने प्रदेश में 15 साल राज किया। इनकी नीतियों और कार्यों के कारण जनता ने इनको 2014, 2017 व 2019 में नकार दिया था। उन्होंने कहा कि अखिलेश बाबू से जनता को हिसाब मांगना चाहिए कि आप के कार्यकाल में कितने दंगे हुए। सपा सरकार में उत्तर प्रदेश में 700 दंगे हुए। इन दंगों से पश्चिम उत्तर प्रदेश लहूलुहान हो गया था। पश्चिम से लोगों को पलायन करना पड़ा। आज पलायन कराने वाले खुद ही पलायन कर गए। योगी जी की सरकार बनी है तो दंगा करने वालों की इतनी हिम्मत नहीं कि किसी पर आंख उठा कर देख ले।

गन्ने का नाम मालूम नहीं -


अमित शाह ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान राम भक्तों पर गोली किसने चलाई, डंडे किसने चलवाए। यह गोली और डंडे समाजवादी पार्टी ने चलवाए। राम मंदिर पर बोलते हुए शाह ने कहा कि अयोध्या में कुछ समय बाद रामलला का भव्य मंदिर बन जाएगा, अखिलेश यादव मंदिर को बनने से नहीं रोक पाएंगे। गृहमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव को गन्ने का नाम मालूम नहीं है, वह जिन्ना-जिन्ना करते हैं। योगी सरकार ने 1 लाख 48 हजार करोड़ गन्ने का बकाया भुगतान चुकाया। गन्ना किसान उत्तर प्रदेश की योगी सरकार से खुश है।

अमित शाह ने कहा कि यहां सपा के नेता ने बलत्कार पर कहा था कि लड़कों से गलतियां हो जाती हैं। योगी जी की सरकार में माताओं-बहनों को सर्वाधिक सुरक्षा मिल रही है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में कुछ चुनिंदा शहरों को छोड़कर पूरे प्रदेश में कहीं ढंग से बिजली नहीं मिलती थी। सपा के लोग गलतफहमी में बिजली रानी को ले गए थे, भाजपा सरकार में बिजली रानी आ गई और शहरों एवं गांवों में पूरी बिजली मिलने लगी। अखिलेश बाबू के निजाम का मतलब था- एन से नसीमुद्दीन सिद्दीकी, आई से इमरान मसूद, जेड से आजम खान, एम से मुख्तार अंसारी है। फैसला आपको करना है कि आपको अखिलेश यादव वाला निजाम चाहिए या मोदी-योगी के विकास वाला शासन सुशासन चाहिए।

जनसभा को संबोधित करते हुए उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि मुरादाबाद की सभी छह सीटों पर इस बार कमल खिलेगा। सपा, बसपा व कांग्रेस को हार का स्वाद चखाएंगे। उप्र में इस बार भी भाजपा 300 प्लस सीटें जीतेगी।जनसभा में प्रदेश चुनाव के सह प्रभारी हरियाणा सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, प्रदेश सह महामंत्री संगठन कर्मवीर, उप्र सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल सिंह सैनी, भाजपा पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Updated : 1 Jan 2022 8:56 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top