Home > राज्य > अन्य > नई दिल्ली > रोक के बाद भी रामनवमी पर जहांगीरपुरी में निकली शोभायात्रा, पुलिसबल तैनात

रोक के बाद भी रामनवमी पर जहांगीरपुरी में निकली शोभायात्रा, पुलिसबल तैनात

साल 2022 के अप्रैल में जहांगीरपुरी में जब हनुमान जयंती के दिन शोभायात्रा निकल रही थी, उस दौरान पत्थरबाजी हुई थी।

रोक के बाद भी रामनवमी पर जहांगीरपुरी में निकली शोभायात्रा, पुलिसबल तैनात
X

नईदिल्ली। दिल्ली के जहांगीरपुरी में आज निकलने वाली शोभायात्रा को पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया था, लेकिन, आयोजक शोभा यात्रा को निकालने पर अड़े हुए थे। हुआ भी ऐसा, आज सुबह आयोजकों ने शोभायात्रा निकाली, लेकिन पुलिस की सख्ती के बाद से जहां से शोभायात्रा शुरू हुई थी, वहीं वापस लौट गई।पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। सीआरपीएफ और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को सड़कों पर उतारा गया है। साथ ही जिस रोड पर शोभायात्रा निकालने की तैयारी की जा रही थी, उसके आने-जाने वाले रास्ते पर बैरिकेड्स कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, इलाके की सभी दुकानों को एहतियातन बंद रखा गया है। साथ ही कॉलोनियों में जाने वाले रास्तों को भी ब्लॉक कर दिया गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि अगर कानून को अपने हाथ में लेने की कोई भी कोशिश करेगा तो पुलिस उसके साथ सख़्ती से निपटेगी। वहीं, डीसीपी जितेंद्र मीणा ने बताया कि हर संदिग्ध शख्स पर नजर रखी जा रही है।दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दोनों धर्म संगठनों के वरिष्ठ लोगों से अपील की गई है कि वह अमन और सद्भावना का पैगाम दें। किसी भी शख्स के बहकावे में ना आएं। इस शोभा यात्रा को निकालने की परमिशन दिल्ली पुलिस ने नहीं दी है। आज देश भर में रामनवमी की धूम है। देश के अलग-अलग राज्यों के राम मंदिरों में भगवान के दर्शन को लेकर सुबह से ही भक्तों की कतारें लगी हुई हैं। वहीं, कई जगहों पर इस मौके पर शोभायात्रा भी निकाला जा रही है। हालांकि, दिल्ली के जहांगीरपुरी में इस बार शोभायात्रा नहीं निकाली जा रही है।

साल 2022 में हुआ था पथराव -

साल 2022 के अप्रैल में जहांगीरपुरी में जब हनुमान जयंती के दिन शोभायात्रा निकल रही थी, उस दौरान पत्थरबाजी के साथ आगजनी की वारदात को भी अंजाम दिया गया था। आरोप अंसार नाम के एक शख्स पर लगा था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर शोभायात्रा पर पत्थरबाजी की थी। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने अंसार और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आज रामनवमी है, जिसको देखते हुए जहांगीरपुर इलाके में जवानों की तैनाती की गई है।जहांगीरपुरी में शोभायात्रा नहीं निकालने को लेकर दिल्ली पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त ने एक आदेश भी जारी किया था। आयोजकों को कार्यक्रम के. ब्लॉक मैदान में करने की सलाह दी गई थी।

फ्लैग मार्च किया

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आज रामनवमी के अवसर पर जहांगीरपुरी में शोभा यात्रा निकलनी थी, लेकिन हालात को देखते हुए इसे रोक दिया गया है। वहीं कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए पूरे इलाके में आरएएफ के जवानों की तैनाती की गई है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस के सहायक आयुक्त ने एक आदेश भी जारी किया है। इसमें आयोजकों को कार्यक्रम के. ब्लॉक मैदान में करने की सलाह दी गई थी। इसी के साथ पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया। इसमें दिल्ली पुलिस के साथ सीआरपीएफ और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान तैनात है।

Updated : 13 April 2024 12:52 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top