CSK: कप्तान कूल की धमाकेदार वापसी, MS Dhoni फिर संभालेंगे चेन्नई की बागडोर...

कप्तान कूल की वापसी
X

कप्तान कूल की वापसी 

MS Dhoni : आईपीएल 2025 के बीच महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान बनकर लौट आए हैं। करीब डेढ़ सीजन बाद माही की कप्तानी में CSK फिर से मैदान में उतरेगी। ये बदलाव तब आया जब टीम के नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोट के चलते पूरे सीजन से बाहर हो गए। धोनी की वापसी से ना सिर्फ फैंस में उत्साह है, बल्कि टूर्नामेंट के बीच उनके रिटायरमेंट को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर भी अब पूर्णविराम लग गया है।

महेंद्र सिंह धोनी को फिर सौंपी गई CSK की कमान

सीएसके ने एक बार फिर से दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी को कप्तानी सौंपी है। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने अब तक कुल पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। टीम ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल की ट्रॉफी जीती।

धोनी ने 2022 के सीजन की शुरुआत में कप्तानी रवींद्र जडेजा को सौंप दी थी। हालांकि, बीच सीजन में जडेजा ने कप्तानी छोड़ दी और फिर से धोनी को टीम की कमान संभालनी पड़ी। इसके बाद 2024 में टीम ने युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान नियुक्त किया।

गंभीर चोट के चलते बाहर हुए ऋतुराज गायकवाड़

आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ऋतुराज गायकवाड़ ने अब तक पांच मैच खेले, जिनमें उन्होंने दो अर्धशतक जड़े। हालांकि तीन मुकाबलों में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा, लेकिन मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने 53 रनों की अहम पारी खेली।

अब गायकवाड़ की कोहनी में हेयरलाइन फ्रैक्चर हो गया है, जो गंभीर बताया जा रहा है। इसी कारण वे आईपीएल 2025 के बचे हुए पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं।

IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स की कमजोर शुरुआत,

आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का अब तक का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम ने कुल पांच मुकाबले खेले हैं, जिनमें से सिर्फ एक में जीत दर्ज कर पाई है जबकि चार मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। फिलहाल सीएसके अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। चेन्नई को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स जैसी टीमों के खिलाफ हार झेलनी पड़ी है।

Tags

Next Story