वेनेजुएला में अमेरिका का हमला, ट्रंप का राष्ट्रपति मादुरो को पकड़ने का दावा, उपराष्ट्रपति ने मांगे सबूत

वेनेजुएला में अमेरिका का हमला, ट्रंप का राष्ट्रपति मादुरो को पकड़ने का दावा, उपराष्ट्रपति ने मांगे सबूत
X
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला पर एयर स्ट्राइक और उसके नेता, राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ सफल ऑपरेशन का दावा किया है। उन्होंने राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को पकड़कर देश के बाहर ले जाने का दावा किया है।

काराकसः वेनेजुएला एक बार फिर ग्लोबल पावर स्ट्रगल का केंद्र बन गया है। अमेरिका ने शनिवार के दिन वेनेजुएला पर बड़ा हमला किया है। हमले की खुद अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने पुष्टि की है। अमेरिका की ओर से की गई सैन्य कार्रवाई के बाद देश में राजनीतिक और सुरक्षा संकट चरम पर पहुंच गया है। हमले की पुष्टि के साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी दावा किया है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में लेकर देश से बाहर भेज दिया गया है। इस दावे ने लैटिन अमेरिका से लेकर वाशिंगटन तक तीखी प्रतिक्रियाएं पैदा कर दी हैं।

दरअसल, अमेरिका के हमले की घटना की शुरुआत देर रात हुई। अमेरिकी सेना ने राजधानी काराकस समेत कई इलाकों को निशाना बनाकर हमले किए। अचानक हुए धमाकों से शहर दहल उठा और कई क्षेत्रों में अंधेरा छा गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो ने तत्काल नेशनल इमरजेंसी की घोषणा की थी। लेकिन उसके कुछ ही समय बाद उनके पकड़े जाने की खबरें सामने आने लगीं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने की पुष्टि

अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार यह कार्रवाई लंबे समय से तैयार की जा रही थी। मादुरो को पकड़ने की कार्रवाई को अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से अंजाम दिया गया। ट्रंप ने इसे एक निर्णायक कदम बताते हुए कहा कि वेनेजुएला में कथित अवैध गतिविधियों और ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अमेरिका अब पीछे हटने वाला नहीं है।

वेनेजुएला की राजधानी में किया गया हमला

वेनेजुएला की राजधानी में जब हमला किया गया, उस स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया मौजूद थे। इन मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो काराकस में कम से कम सात जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। आसमान में लड़ाकू विमानों की आवाज और नीची उड़ान ने लोगों में दहशत फैला दी। राजधानी के साथ-साथ मिरांडा, अरगुआ और ला गुइरा जैसे प्रांतों में भी हमलों की खबरें आई हैं। विस्फोटों के बाद बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए और सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस सैन्य कार्रवाई के बाद वेनेजुएला का भविष्य और भी अनिश्चित नजर आ रहा है। सत्ता शून्य, सुरक्षा संकट और अंतरराष्ट्रीय दबाव-तीनों ने मिलकर देश को एक नए मोड़ पर खड़ा कर दिया है। जहां आने वाले घंटों और दिनों में हालात किस दिशा में जाएंगे, इस पर पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है।



वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति ने मांगे जिंदा होने के सबूत

एक तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी के पकड़ने का दावा किया है। वहीं, दूसरी तरफ वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने शनिवार सुबह देश के सरकारी टीवी चैनल पर बोलते अमेरिका से बड़ी मांग की है। उन्होंने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के जीवित होने के प्रमाण और उनके ठिकाने की जानकारी देने की मांग की। बता दें कि जैसे ही ट्रंप ने मादुरो के पकड़ने की घोषणा की उसके तुरंत बाद उपराष्ट्रपति की यह मांग सामने आई।

अमेरिका ने इन जगहों पर किए हमले

अमेरिका ने पहला हमला फुएर्ते टियुना पर हमला किया। यह राजधानी काराकस का मुख्य सैन्य अड्डा, देश का सबसे बड़ा मिलिट्री बेस है। दूसरा हमला ला कार्लोटा में किया। यह काराकस का मुख्य एयरबेस, सैन्य और नागरिक दोनों उड़ानों के लिए इस्तेमाल होता था। तीसरा हमला एल वोलकान ठिकाने पर किया गया। यह काराकस की पहाड़ियों में स्थित कम्युनिकेशन सेंटर था। चौथा हमले का ठिकाना ला ग्वाइरा पोर्ट में हुआ। काराकस के नजदीक, कैरिबियन तट पर स्थित देश का प्रमुख बंदरगाह था।

अमेरिका के हमले की वजह

बता दें कि अमेरिका ने वेनेजुएला पर हमला किया और राष्ट्रपति मादुरो को पत्नी के समेत पकड़ा है। इस हमले की कुछ मुख्य वजहें सामने आई है। इसमें पहला है तेल कंपनियों को लेकर विवादः इसको लेकर राष्ट्रपति ट्रंप का दावा है कि वेनेजुएला ने अमेरिकी ऑइल कंपनियों के तेल अधिकार को अवैध रूप से छीन लिए थे। इसके साथ ही दूसरी वजह ड्रग्स तस्करी को बताया। ट्रंप के अनुसार वेनेजुएला अमेरिका में खतरनाक ड्रग्स की तस्करी करता है। इसको लेकर कुछ समय पहले अमेरिका ने वेनेजुएला की कुछ नावों पर हमला किया था। दावा किया जा रहा था कि वेनेजुएला अमेरिका में खतरनाक ड्रग्स की तस्करी करता है। तीसरी वजह है तख्तापलट करना। वेनेजुएला के राष्ट्रपति का रुख एंटी अमेरिकी रहा है। इसके चलते अमेरिका राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का तख्तापलट करना चाहता है। इसकी वजह रही कि वह मादुरो को तानाशाह और ड्रग तस्कर मानता है।

Tags

Next Story