Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > विदेश

5.9 Magnitude Earthquake Near Tokyo

Japan Earthquake: टोक्यो के पास 5.9 तीव्रता का भूकंप! 37 लोग घायल; एक हफ्ते तक अलर्ट

जापान की राजधानी टोक्यो के पास 5.9 तीव्रता के भूकंप से 37 लोग घायल हुए। मौसम एजेंसी ने अगले एक हफ्ते तक तेज झटकों को लेकर अलर्ट जारी किया है।


japan earthquake टोक्यो के पास 59 तीव्रता का भूकंप 37 लोग घायल एक हफ्ते तक अलर्ट

Japan Earthquake News |

टोक्यो। जापान की राजधानी टोक्यो और आसपास के कांतो इलाके में रविवार को 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप से कम से कम 37 लोग घायल हुए हैं। इनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई गई है। भूकंप का केंद्र इबाराकी प्रांत के दक्षिणी हिस्से में जमीन से करीब 68 किलोमीटर नीचे था। कई इलाकों में झटके करीब एक मिनट तक महसूस किए गए। भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई।

सोते समय घबराए लोग

प्रांतीय अधिकारियों के मुताबिक टोक्यो में 15, साइतामा में 9, कानागावा में 8, चिबा में 4 और इबाराकी में एक व्यक्ति घायल हुआ है। ज्यादातर लोग सोते समय भूकंप से घबरा गए और उठते समय गिर गए या फर्नीचर और दरवाजों से टकरा गए। योकोहामा में 80 साल की एक महिला बिस्तर से गिर गईं। उनके कूल्हे में गंभीर चोट आई है। टोक्यो के ताइतो इलाके में एक 23 वर्षीय युवक ने बताया कि मोबाइल पर अलर्ट बजने के कुछ ही सेकंड बाद तेज झटके महसूस होने लगे।

लंबे समय तक हिलती रहीं ऊंची इमारतें

टोक्यो के 23 वार्डों के अलावा साइतामा और चिबा में लंबे समय तक चलने वाले झटके भी महसूस किए गए। ऐसे झटकों में ऊंची इमारतें देर तक हिल सकती हैं। इससे लोगों को खड़े रहने में परेशानी हो सकती है और फर्नीचर या दूसरी चीजें गिरने का खतरा रहता है।

ट्रेन सेवाओं पर पड़ा असर

भूकंप के कारण टोक्यो और नारिता एयरपोर्ट जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में देरी हुई। उत्तर-पूर्वी इलाकों की कुछ स्थानीय ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। हालांकि ईस्ट जापान रेलवे के मुताबिक शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं सामान्य रहीं। टोक्यो के कोतो इलाके में जमीन के नीचे पानी की पाइपलाइन भी टूट गई थी। बाद में इसकी मरम्मत कर पानी का रिसाव रोक दिया गया।

एक हफ्ते तक फिर भूकंप का खतरा

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने लोगों को अगले करीब एक हफ्ते तक तेज भूकंप की संभावना को लेकर सतर्क रहने को कहा है। प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने बताया कि सरकार ने संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए टास्क फोर्स बनाई है। परमाणु नियमन प्राधिकरण के मुताबिक करीब 12 परमाणु बिजली संयंत्रों और परमाणु सामग्री से जुड़ी अन्य जगहों पर किसी असामान्य स्थिति की जानकारी नहीं मिली है।

पिछले महीने भी आया था 7.1 तीव्रता का भूकंप

जापान में पिछले महीने क्यूशू के कुमामोतो इलाके में 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था। इस हादसे में 38 लोगों की मौत हुई थी और 364 लोग घायल हुए थे।

Related to this topic: