दरिंदगी की हद: लंदन में पाकिस्तानी ग्रूमिंग गैंग ने फ्लैट में बंद कर 14 साल की सिख लड़की से किया गैंगरेप

लंदन में पाकिस्तानी ग्रूमिंग गैंग द्वारा 14 वर्षीय सिख लड़की को प्रेमजाल में फंसाकर यौन शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गैंग ने पहले लड़की को अगवा किया और फिर उसे एक फ्लैट में बंद कर 5–6 लोगों से उसका गैंगरेप कराया। लड़की ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन उसे डराकर चुप करा दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे ही इस घटना की जानकारी लंदन में रहने वाले सिख समुदाय को मिली, वे आरोपी के फ्लैट के बाहर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। जैसे-जैसे मामले की जानकारी अन्य सिखों तक पहुंचती गई, फ्लैट के बाहर भीड़ बढ़ती चली गई। कुछ ही देर में वहां 200 से ज्यादा सिख पहुंच गए और कई घंटों तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद सभी ने मिलकर लड़की को रिहा करवाया। सिख समुदाय का आरोप है कि पश्चिमी लंदन में इस तरह छोटी बच्चियों को अगवा कर उनका यौन शोषण करने की घटनाएं आम होती जा रही हैं।
कई घंटे तक चला हंगामा, फिर हो सकी लड़की की रिहाई
सिख युवकों का कहना है कि कई घंटों तक फ्लैट का घेराव करने के बाद आखिरकार उन्हें लड़की को रिहा करवाने में सफलता मिली। उनका कहना है कि यह कोई अकेला मामला नहीं है। पाकिस्तानियों के ऐसे कई गैंग सक्रिय हैं, जो लड़कियों को अगवा कर उनका शोषण करते हैं। शिकायतों के बावजूद लंदन पुलिस उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।
सिलसिलेवार ढंग से जानिए कैसे सामने आया मामला…
यह मामला पश्चिमी लंदन के हौंसलो शहर का है। सोशल मीडिया यूजर डेविड आथर्टन के मुताबिक, जिस फ्लैट में यह घटना सामने आई, उसी इमारत में एक सिख युवक भी रहता है। युवक ने एक दिन 34 वर्षीय पाकिस्तानी युवक को सीढ़ियों से उतरते समय 15 वर्षीय सिख लड़की के साथ देखा। जब उसने पाकिस्तानी युवक को रोका तो वह भड़क गया।
सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी लड़की को अपने फ्लैट में रखता था। आरोप है कि उसने लड़की का यौन शोषण करने के लिए छह पुरुषों को बुलाया था और सभी ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब सिख युवक ने पाकिस्तानी युवक से बच्ची को रिहा करने की बात कही तो वह उसे मामले से दूर रहने की धमकी देने लगा। युवक ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद सिख युवक ने अपने समुदाय के लोगों को इकट्ठा किया और आरोपी के फ्लैट का घेराव किया।
पीड़िता बोली- छुड़ाने की कोशिश की तो कमरे में बंद किया
सिख युवक के मुताबिक, लड़की ने पूछताछ में बताया कि पाकिस्तानी युवक उसे अगवा कर फ्लैट में लाया था। आरोपी खुद भी और 5–6 अन्य लोगों से उसका शारीरिक शोषण करवाता था। जब उसने खुद को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाने की कोशिश की तो उसे कमरे में बंद कर दिया गया और धमकाया गया कि उनकी अनुमति के बिना वह बाहर नहीं जा सकती।
यूके में ऐसे चलता है पाकिस्तानी ग्रूमिंग गैंग का नेटवर्क
पश्चिमी लंदन में लड़की को आजाद करवाने वाले सिख समुदाय के लोगों का कहना है कि यूके में पाकिस्तानी ग्रूमिंग गैंग के निशाने पर 11 से 16 वर्ष की लड़कियां रहती हैं। गैंग के सदस्य गरीब परिवारों की लड़कियों को तलाशते हैं। इसके अलावा जो बच्चियां सोशल मीडिया पर अकेली नजर आती हैं या जो लगातार स्कूल से गैरहाजिर रहती हैं, उन्हें निशाना बनाकर फंसाया जाता है।
गिफ्ट देकर प्यार और शादी का झांसा
ग्रूमिंग गैंग इन लड़कियों को प्यार, दोस्ती और शादी का झांसा देकर, साथ ही महंगे गिफ्ट और सामान देकर अपने जाल में फंसाते हैं। इसके बाद उनका शोषण शुरू कर देते हैं। पहले वे एक-एक करके लड़कियों को फंसाते हैं और फिर उन्हें अपने साथ ले जाते हैं।
