मोदी का दो टूक संदेश, आतंकवाद पर कोई डबल स्टैंडर्ड नहीं, तमिल भाषा ने जोड़ा भारत-मलेशिया

कुआलालंपुर की सुबह आज कुछ अलग थी। औपचारिकता जरूर थी, लेकिन शब्दों में अपनापन साफ दिखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मलेशिया दौरे का दूसरा दिन, और बातचीत में आतंकवाद से लेकर तमिल भाषा तक, राजनीति के साथ संस्कृति भी साथ-साथ चलती दिखी। पीएम मोदी ने साफ कहा कि आतंकवाद पर भारत का रुख अडिग है, और इसमें किसी तरह का दोहरा मापदंड नहीं चलेगा।
आतंकवाद पर सख्त रुख, कोई समझौता नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के बीच आज द्विपक्षीय वार्ता हुई। बातचीत के बाद प्रेस ब्रीफिंग में पीएम मोदी ने आतंकवाद को लेकर सीधा संदेश दिया। उन्होंने कहा आतंकवाद के बारे में हमारा संदेश बिल्कुल साफ है। कोई डबल स्टैंडर्ड नहीं, कोई समझौता नहीं। भारत और मलेशिया मिलकर आतंकवाद के खिलाफ काम करेंगे यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब वैश्विक मंचों पर आतंकवाद की परिभाषा और उस पर कार्रवाई को लेकर मतभेद अक्सर सामने आते रहे हैं।
तमिल भाषा बनी दोस्ती की डोर
प्रेस वार्ता के दौरान पीएम मोदी ने तमिल भाषा का खास तौर पर उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि तमिल भाषा के प्रति साझा प्रेम भारत और मलेशिया को गहराई से जोड़ता है। ऑडियो-विजुअल समझौते का जिक्र करते हुए पीएम मोदी बोले “मुझे भरोसा है कि इस समझौते के बाद फिल्में और संगीत, खासकर तमिल फिल्में, हमारे दिलों को और करीब लाएंगी यहीं उन्होंने अनवर इब्राहिम को दोस्त कहा, और यह शब्द सिर्फ कूटनीति नहीं लगे।
गार्ड ऑफ ऑनर से CEO फोरम तक
पेरदाना पुत्रा भवन में पीएम मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। रेड कार्पेट, गार्ड ऑफ ऑनर और फिर बंद कमरे में बातचीत। इसके बाद दोनों प्रधानमंत्रियों की मौजूदगी में भारत और मलेशिया के बीच कुल 11 दस्तावेजों और MoU का आदान-प्रदान हुआ। आज पीएम मोदी भारत-मलेशिया के 10वें CEO फोरम में भी हिस्सा लेंगे, जहां दोनों देशों के बड़े उद्योगपति और कारोबारी मौजूद रहेंगे।
लंच में भी दिखी तमिल छाप
प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने पीएम मोदी के सम्मान में लंच का आयोजन किया। इस दौरान बैकग्राउंड में ‘नालाई नमाठे’ गीत बजा, जो महान अभिनेता और राजनेता एमजीआर की फिल्म से जुड़ा है। छोटे से सांस्कृतिक संकेत ने माहौल को और सहज बना दिया।
पीएम मोदी के भाषण की अहम बातें
-
भारत और मलेशिया के बीच 11 समझौतों पर हस्ताक्षर
-
कृषि, मैन्युफैक्चरिंग और स्वच्छ ऊर्जा में सहयोग बढ़ेगा
-
AI, सेमीकंडक्टर, हेल्थ और फूड सिक्योरिटी पर साझेदारी
-
2025 में द्विपक्षीय व्यापार 18.59 अरब डॉलर तक पहुंचा
-
मलेशिया के कोटा किनाबालू में भारतीय कॉन्सुलेट खुलेगा
-
ऑडियो-विजुअल समझौते से तमिल फिल्मों को बढ़ावा
-
भारतीय श्रमिकों के लिए सोशल सिक्योरिटी एग्रीमेंट
-
मलेशिया में मुफ्त ई-वीजा और UPI की सुविधा
-
स्थानीय मुद्रा में व्यापार को बढ़ावा
-
आतंकवाद पर कड़ा रुख, कोई दोहरा मापदंड नहीं
