इस्लामाबाद में शिया मस्जिद पर आत्मघाती हमला: 69 मौतें, 169 से ज्यादा घायल

इस्लामाबाद में शिया मस्जिद पर आत्मघाती हमला: 69 मौतें, 169 से ज्यादा घायल
X
इस्लामाबाद की शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान आत्मघाती धमाका, 69 लोगों की मौत और 169 से ज्यादा घायल। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर।

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद (इमामबाड़ा) में आत्मघाती हमला हुआ। पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक धमाके में कम से कम 69 लोग मारे गए और 169 से ज्यादा घायल हुए हैं। घटना शहजाद टाउन इलाके में हुई। पुलिस और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत का काम शुरू कर दिया। सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है, और घायलों को वहां पहुंचाया जा रहा है। इस्लामाबाद के पुलिस चीफ ने पूरे शहर में इमरजेंसी घोषित कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। धमाके के बाद लोग इधर-उधर बिखरे दिखाई दिए। कई लोग मौके पर शवों की पहचान करने में जुट गए। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके की सघन जांच में लगी हुई हैं।

राष्ट्रपति और मंत्री का बयान

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने शोक जताते हुए कहा कि बेगुनाह लोगों को निशाना बनाना इंसानियत के खिलाफ है। उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की दुआ की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर इलाज मिले। पार्लियामेंट्री अफेयर्स के मंत्री डॉ. तारिक फजल चौधरी ने कहा कि इस हमले की कड़ी निंदा करता हूं। उन्होंने कहा "ऐसी आतंकी घटनाएं देश और लोगों का हौसला नहीं तोड़ सकती। हमें शांति के लिए एकजुट होना होगा और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मजबूती से खड़ा रहना होगा।"

पिछले हमले और आतंकवाद का बढ़ता खतरा

तीन महीने पहले 11 नवंबर 2025 को G-11 इलाके में जिला और सत्र न्यायालय के बाहर आत्मघाती धमाका हुआ था, जिसमें 12 लोग मारे गए और 30 से ज्यादा घायल हुए। ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 के अनुसार, पाकिस्तान दुनिया का दूसरा सबसे आतंक प्रभावित देश बन चुका है। TTP के हमलों में 90% वृद्धि, BLA के हमलों में 60% बढ़ोतरी, और IS-K ने अब पाकिस्तानी शहरों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान सबसे ज्यादा आतंक प्रभावित इलाके हैं। देशभर की कुल आतंकी घटनाओं में से 90% इसी इलाके में हुईं।

Tags

Next Story