Israel Iran Conflict: अमेरिका के हमलों के बाद ईरान का दावा - पहले ही कर दिया था फर्दो खाली, काम नहीं रोकेंगे

Israel - Iran Conflict : अमेरिका द्वारा ईरान की तीन न्यूक्लियर साइट पर हमले की पुष्टि तेहरान ने कर दी है। अमेरिका के हमले के बाद ईरान ने कुछ बयान जारी किए। बयानों में यह तो नहीं बताया गया कि, अमेरिका के हमलों से कितना नुकसान हुआ लेकिन यह जरूर कहा गया है कि, काम नहीं रोका जाएगा।
ईरान ने दावा किया है कि, उसकी तीन में से एक न्यूक्लियर साइट फर्दो जो काफी अहम है, पहले ही खाली कर दी गई थी।
ईरान की परमाणु एजेंसी ने फोर्डो, इस्फ़हान, नतांज परमाणु स्थलों पर हमलों की पुष्टि की है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने रविवार को देश के फोर्डो परमाणु स्थल पर हमले की बात स्वीकार की। इसने कहा कि हमलों में इस्फाहन और नतांज परमाणु स्थल भी शामिल थे।
IRNA ने सुरक्षा मामलों के प्रभारी इस्फाहन के डिप्टी गवर्नर अकबर सालेही के हवाले से कहा गया है कि, कुछ स्थलों के आसपास हमले हुए हैं। उन्होंने विस्तार से जानकारी नहीं दी।
इधर जानकारी सामने आई है कि, ईरानी परमाणु स्थल पर अमेरिकी हमले के बाद इजरायल ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। ईरान की स्टेट मीडिया का दावा है कि, अब ईरान जवाबी कार्रवाई करेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हमले के बाद बयान जारी करते हुए कहा था कि, "मध्य पूर्व के धमकाने वाले ईरान को अब शांति स्थापित करनी चाहिए। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो भविष्य में हमले कहीं अधिक बड़े और आसान होंगे।"
दरअसल, ईरान पर आरोप है कि, वह परमाणु हथियार बनाने की कोशिश कर रहा है। परमाणु हथियार बनाने के दावे के बीच इजराइल ने ईरान पर हमला किया। बीते कई दिनों से दोनों देश एक - दूसरे पर हमले कर रहे थे। इस जंग में अब अमेरिका की भी एंट्री हो गई है। ईरान ने पहले ही कहा था कि, अगर अमेरिका इस युद्ध में आया तो परिणाम और भी घातक हो सकते हैं।
