Home > विदेश > भारत-ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रियों ने कहा, सभी देशों की संप्रभुता रक्षा जरूरी

भारत-ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रियों ने कहा, सभी देशों की संप्रभुता रक्षा जरूरी

भारत-ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रियों ने कहा, सभी देशों की संप्रभुता रक्षा जरूरी
X

कैनबरा। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने कहा है कि सभी देशों की सुरक्षा के साथ उनकी संप्रभुता की रक्षा भी जरूरी है। भारतीय विदेश मंत्री की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच राजनयिक संबंधों को और मजबूती देने का संकल्प लिया गया।

भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग ने आपसी बातचीत के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उदार लोकतंत्र के रूप में दोनों देश नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में विश्वास करते हैं। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय जल में नेविगेशन की स्वतंत्रता, विकास की दिशा में संपर्क बढ़ाने और सभी की सुरक्षा के साथ देशों को संप्रभु बनाने में विश्वास करते हैं। वार्ता के दौरान दोनों देशों के बीच यूक्रेन में चल रहे विवाद और भारत-प्रशांत क्षेत्र में इसके नतीजों पर भी चर्चा हुई। क्वाड देशों के कामकाज में प्रगति और जी-20 देशों से जुड़े मसलों पर भी चर्चा की गयी।

बैठक में भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि अगले वर्ष जी-20 देशों के अध्यक्ष के तौर पर ऑस्ट्रेलिया के विचार और हित बहुत महत्वपूर्ण होंगे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित स्थलों को सजाकर भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मनाने में भारत के साथ जुड़ने के लिए ऑस्ट्रेलिया का आभार व्यक्त किया। दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था, शिक्षा, रक्षा, सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में समझौतों पर भी चर्चा हुई। कहा गया कि दोनों देश एक दूसरे के देश में राजनयिक गतिविधियों का भी विस्तार करेंगे।

Updated : 13 Oct 2022 4:42 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top