एलन मस्क का बड़ा ऐलान: मंगल से पहले चंद्रमा पर बसाया जाएगा शहर

एलन मस्क का एक बड़ा बयान सामने आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि अगले 10 सालों में चंद्रमा पर शहर बसाया जायेगा। जानिए उनका पूरा प्लेन क्या है?
स्पेसएक्स और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने अंतरिक्ष को लेकर अपनी महत्वाकांक्षी योजनाओं का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि स्पेसएक्स का अगला बड़ा लक्ष्य मंगल ग्रह से पहले चंद्रमा पर एक शहर बसाना है। मस्क का कहना है कि अगले 10 वर्षों के भीतर चंद्रमा पर इंसानों की स्थायी मौजूदगी संभव हो सकती है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किया
सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए एलन मस्क ने कहा कि स्पेसएक्स फिलहाल चंद्रमा पर शहर बसाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। उनका मानना है कि यह लक्ष्य तकनीकी रूप से मंगल की तुलना में कहीं अधिक जल्दी हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जहां चंद्रमा तक पहुंचने में केवल दो दिन लगते हैं और हर 10 दिन में वहां लॉन्च संभव है, वहीं मंगल ग्रह तक जाने के लिए ग्रहों की अनुकूल स्थिति का इंतजार करना पड़ता है, जो लगभग हर 26 महीने में आती है।
स्पेसएक्स का मिशन
एलन मस्क ने कहा कि मंगल तक की यात्रा में करीब छह महीने का समय लगता है, इसलिए वहां इंसानी बस्तियां बसाना एक लंबी प्रक्रिया है। हालांकि, स्पेसएक्स अगले 5 से 7 वर्षों में मंगल ग्रह पर शहर बसाने की तैयारी शुरू कर देगा। मस्क के मुताबिक, स्पेसएक्स का मूल मिशन आज भी वही है- चेतना और जीवन को पृथ्वी से आगे, सितारों तक फैलाना। उन्होंने यह भी कहा कि सभ्यता के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए चंद्रमा पर मानव बसावट एक अहम कदम साबित हो सकती है।
स्टारशिप मिशन के बारे में
स्टारशिप मिशन को लेकर जानकारी देते हुए मस्क ने बताया कि दुनिया का सबसे शक्तिशाली रॉकेट स्टारशिप पहले बिना इंसानों के मंगल ग्रह की ओर भेजा जाएगा, ताकि वहां सुरक्षित लैंडिंग की जांच की जा सके। यदि ये परीक्षण सफल रहते हैं, तो अगले चार वर्षों में इंसानों को मंगल भेजने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।
