Sports: यूएई स्पर्धा में भारत के मोहम्मद अफसल का कारनामा, 800 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा

यूएई स्पर्धा में भारत के मोहम्मद अफसल का कारनामा, 800 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा
X

Mohammed Afsal 800m record: एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाले भारत के मिडिल डिस्टेंस रनर मोहम्मद अफसल ने एक बार फिर अपनी रफ्तार से देश का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को यूएई में आयोजित एथलेटिक्स ग्रां प्री प्रतियोगिता में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 800 मीटर दौड़ में सात साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। 29 वर्षीय अफसल ने 1:45.61 सेकंड का समय निकालते हुए 2018 में जिनसन जॉनसन द्वारा बनाए गए 1:45.65 सेकंड के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। हालांकि वह इस प्रतिस्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन उनका यह प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

विश्वस्तरीय मुकाबले में दूसरा स्थान

यूएई एथलेटिक्स ग्रां प्री में मोहम्मद अफसल भले ही स्वर्ण पदक से चूक गए हों, लेकिन उनका प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा। वह कीनिया के निकोलस किपलागट से पीछे रहे, जिन्होंने विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर की कांस्य-स्तरीय इस प्रतियोगिता में 1:45.38 सेकंड का समय लिया और पहला स्थान हासिल किया।

अफसल ने हालांकि 1:45.61 सेकंड का समय लेकर न सिर्फ दूसरा स्थान हासिल किया बल्कि सात साल पुराना भारतीय रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले अफसल ने 2023 हांग्झोउ एशियाई खेलों में 800 मीटर की रेस में 1:48.43 सेकंड का समय लेते हुए रजत पदक अपने नाम किया था।

अनिमेष कुजूर की रफ्तार का कारनामा

राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अनिमेष कुजूर ने अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए 200 मीटर दौड़ में एक बार फिर जीत दर्ज की। उन्होंने यह रेस 20.45 सेकंड में पूरी की जो उनके हालिया प्रदर्शन का प्रमाण है।

कुजूर ने इससे पहले 2025 फेडरेशन कप में 20.40 सेकंड का समय निकालकर अमलान बोरगोहेन का 2022 में बनाया गया 20.52 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था। इस मुकाबले में बोरगोहेन कुछ खास नहीं कर सके और 21.08 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

Tags

Next Story