राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल सर्वसम्मति से पास, प्रधानमंत्री ने सभी दलों को दिया धन्यवाद

राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल सर्वसम्मति से पास, प्रधानमंत्री ने सभी दलों को दिया धन्यवाद
X
राज्यसभा में चर्चा की शुरुआत कांग्रेस नेता रंजीत रंजन ने की। उन्होंने कहा कि आपने इसे नारी शक्ति वंदन विधेयक नाम दिया है।

नईदिल्ली। संसद के विशेष सत्र का आज पांचवां दिन है। लोकसभा में कल बुधवार को महिला आरक्षण विधेयक पारित हो गया था। इसके पक्ष में 454 जबकि विपक्ष में 2 मत पड़े थे। आज गुरूवार को राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा शुरू हुई है। चर्चा के बाद आज ही यह बिल राज्यसभा में सर्वसम्मति से पास हो गया।

राज्यसभा में चर्चा की शुरुआत कांग्रेस नेता रंजीत रंजन ने की। उन्होंने कहा कि आपने इसे नारी शक्ति वंदन विधेयक नाम दिया है। महिलाओं को वंदन नहीं, समानता का अधिकार चाहिए।उन्होंने कहा कि आपकी सरकार में महिलाओं की कितनी वंदना होती है, यह हमको मालूम है। जब आपको सत्ता पाने की जरूरत होती है, तब आप महिलाओं को देवी बनाकर उसकी पूजा करने लगते हैं।

प्रधानमंत्री ने सांसदों को धन्यवाद दिया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को लोकसभा में महिला आरक्षण बिल को मंजूरी देने के लिए सांसदों को धन्यवाद दिया और कहा कि महिला आरक्षण बिल का पारित होना भारत की संसदीय यात्रा में स्वर्णिम क्षण है।प्रधानमंत्री ने कहा कि कल भारत की संसदीय यात्रा का एक स्वर्णिम पल था। उस स्वर्णिम पल के हकदार इस सदन के सभी सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण निर्णय से देश की मातृशक्ति में एक नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होगा।प्रधानमंत्री ने कहा कि आज राज्य सभा में पारित होने के बाद हम अंतिम पड़ाव भी पूरा कर लेंगे। इससे देश की मातृशक्ति का मिजाज बदलेगा और वो देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली एक अकल्पनीय, अप्रतीम शक्ति के रूप में उभरेगी।


Tags

Next Story