Vijay Rupani: विजय रूपाणी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, विमान हादसे में हुई थी मौत

Vijay Rupani: 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 हादसे का शिकार हो गई थी। इस विमान दुर्घटना में 241 लोगों की मौत की पुष्टी हुई, जिसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। आज राजकोट में रूपाणी का अंतिम संस्कार को राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
उनका पार्थिव शरीर सुबह अहमदाबाद से चार्टर्ड विमान के जरिए राजकोट लाया गया, जहां उनके घर निर्मला रोड स्थित प्रकाश सोसाइटी में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया।
शाम करीब साढ़े सात बजे वहां से अंतिम यात्रा श्मशान घाट के लिए रवाना हुई। करीब सवा नौ बजे शवयात्रा श्मशान पहुंची और रात 10 बजे अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे इकट्ठा हुए और विजय रूपाणी को अंतिम विदाई दी।
सोमवार शाम को ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सीएम भूपेंद्र पटेल, राज्यपाल देवव्रत समेत कई दिग्गज नेता रूपाणी के घर पहुंचे थे और श्रद्धांजलि दी थी। उन्हें राजकीय सम्मान के तहत 21 तोपों की सलामी भी दी गई।
जानकारी के लिए बता दें कि रूपाणी का पार्थिव शरीर रविवार को डीएनए जांच के बाद पहचाना गया। सिविल अस्पताल के अधिकारियों ने सोमवार को उनका शव परिजनों को सौंपा। इस मौके पर उनकी पत्नी अंजलि रूपाणी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।
इस विमान हादसे को चार दिन हो चुके है। अब तक 250 शवों का डीएनए सैंपल लिया गया है, जिनमें से 92 सैंपल मैच हो चुके है और 47 शव परिजनों को सौंपे जा चुके है। बाकी शवों की पहचान प्रक्रिया जारी है।
हादसे में कुल 275 लोगों की मौत हुई है। इसमें 229 यात्री, 10 केबिन क्रू, 2 पायलट और हॉस्टल बिल्डिंग में मौजूद 34 लोग शामिल है। हादसा बीजे मेडिकल कॉलेज और सिविल हॉस्पिटल के हॉस्टल से टकराने की वजह से हुआ था। जांच के लिए राहत की बात यह रही कि विमान का फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर मिल गया है। इससे अब दुर्घटना की असली वजह का पता लगने में मदद मिलेगी।
