VIDEO: शादी के तीन दिन बाद ही ड्यूटी पर रवाना हुआ फौजी पति, दुल्हन ने कहा – "देश की रक्षा के लिए अपना सिंदूर भेज रही हूं"

India-Pakistan War: महाराष्ट्र के जलगांव निवासी आर्मी जवान मनोज ज्ञानेश्वर पाटिल की शादी 5 मई को यामिनी पाटिल से हुई। शादी का जश्न अभी खत्म भी नहीं हुआ था, हाथों की मेहंदी भी अभी ताजा ही थी कि पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के चलते मनोज की छुट्टियां रद्द कर दी गईं। उन्हें सेना की तरफ से तुरंत सीमा पर रिपोर्ट करने का आदेश मिला। बिना किसी देरी के मनोज 8 मई को ड्यूटी के लिए निकल पड़े। नम आंखों और गर्व से भरे दिल के साथ यामिनी ने देश की सेवा में अपने पति को विदाई दी।
शादी के तुरंत बाद आया ड्यूटी का आदेश
जलगांव जिले के पाचोरा निवासी मनोज और यामिनी का विवाह सोमवार को पूरे रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। शादी के बाद दोनों ने मिलकर अपने नए जीवन की खुशहाल शुरुआत के सपने देखना शुरू ही किया था, लेकिन तभी सेना द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत सभी जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गईं। इस आदेश के तहत मनोज को भी तुरंत सीमा पर ड्यूटी ज्वाइन करने का निर्देश मिला, जिसके बाद उन्होंने बिना देर किए देश सेवा को प्राथमिकता देते हुए विदाई ले ली।
फौजी पति को विदा करते वक्त यामिनी की आंखों में थे आंसू
जब मनोज ड्यूटी के लिए घर से रवाना हुए, तो उनकी नई नवेली पत्नी यामिनी की आंखों में आंसू थे, लेकिन चेहरे पर गर्व साफ नजर आ रहा था। उन्होंने खुद को संभालते हुए कहा, "मुझे गर्व है कि मेरे पति देश की रक्षा के लिए जा रहे हैं, देश से बड़ा कुछ नहीं होता।"
शादी की खुशियां अभी चल ही रही थीं कि मनोज को देश सेवा के लिए तुरंत रवाना होना पड़ा। इस मुश्किल वक्त में यामिनी ने हिम्मत दिखाई और अपने पति को रेलवे स्टेशन तक छोड़ने गईं। उनका यह जज्बा हर भारतीय के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।
विधायक रमेश्वर शर्मा ने शेयर किया भावुक वीडियो
"देश की रक्षा के लिए अपना सिंदूर भेज रही हूं"
— Rameshwar Sharma (@rameshwar4111) May 10, 2025
ऐसा देश है मेरा...🇮🇳
मांग में सिंदूर और होठों पर वंदे मातरम् - यही है भारत की बेटी।
सात फेरों के बाद सुहाग को सरहद रवाना करते ये वीडियो राष्ट्रप्रथम सर्वोपरि का संदेश दे रहा है। pic.twitter.com/0jcPM4LJgV
विधायक रमेश्वर शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एक नवविवाहिता अपने पति को देश की सेवा के लिए विदा करती हुई दिख रही है। रमेश्वर शर्मा ने इस वीडियो के साथ लिखा, "मांग में सिंदूर और होठों पर वंदे मातरम्..यही है भारत की बेटी।" इस वीडियो में सात फेरों के बाद अपने पति को सरहद भेजती हुई महिला का संदेश है कि राष्ट्र की रक्षा सबसे महत्वपूर्ण है, जो भारतीय महिलाओं के साहस और समर्पण को दिखाता है।