इस बार गणतंत्र दिवस परेड की थीम ‘वंदे मातरम्’

इस बार गणतंत्र दिवस परेड की थीम ‘वंदे मातरम्’
X

मुख्य अतिथि यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष होंगी

इस बार गणतंत्र दिवस की मुख्य परेड की थीम ‘वंदे मातरम्’ रखी गई है। परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर 30 झांकियां निकलेंगी, जो ‘स्वतंत्रता का मंत्र वंदे मातरम्, समृद्धि का मंत्र आत्मनिर्भर भारत’ थीम पर आधारित होंगी। कर्तव्य पथ पर एनक्लोजर के बैकग्राउंड में ‘वंदे मातरम्’ की पंक्तियों वाली पुरानी पेंटिंग बनाई जाएगी।

मेन स्टेज पर फूलों से ‘वंदे मातरम्’ के रचयिता बंकिम चंद्र चटर्जी को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस बार गणतंत्र दिवस परेड के मुख्य अतिथि यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन होंगी।

परेड में पहली बार बैक्ट्रियन ऊंट शामिल होंगे और नई बटालियन ‘भैरव’ भी मार्च पास्ट करेगी। वहीं, इस बार के फ्लाईपास्ट में राफेल, एसयू-30 और अपाचे सहित कुल 29 विमान शामिल होंगे। हालांकि, इस बार तेजस को फ्लाईपास्ट में शामिल नहीं किया गया है।

150वीं वर्षगांठ का लोगो होगा शामिल

निमंत्रण पत्रों पर ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ का लोगो होगा। ‘वंदे मातरम्’ थीम वाले बैनरों के साथ गुब्बारे हवा में छोड़े जाएंगे। परेड स्थल पर सभी एनक्लोजरों के नाम भारतीय नदियों के नाम पर रखे गए हैं।

रिमाउंट एंड वेटरनरी विंग के जानवर भी परेड में शामिल होंगे। भैरव लाइट कमांडो बटालियन भी इसमें हिस्सा लेगी। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 17 तथा मंत्रालयों से 13, कुल 30 झांकियां कर्तव्य पथ पर निकलेंगी।

Next Story