Home > देश > देश के 5 लाख मंदिरों के चारों ओर होगा अयोध्या जैसा आनंदोत्सव: चम्पत राय

देश के 5 लाख मंदिरों के चारों ओर होगा अयोध्या जैसा आनंदोत्सव: चम्पत राय

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने कहा कि 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में जब राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह हो रहा होगा उसे समय देश के 5 लाख मंदिरों के चारों ओर अयोध्या जैसा ही आनंद उत्सव मनाया जाएगा।

देश के 5 लाख मंदिरों के चारों ओर होगा अयोध्या जैसा आनंदोत्सव: चम्पत राय
X

राम सिर्फ अयोध्या के ही नहीं, संपूर्ण देश के :विश्व प्रसन्न तीर्थ

अयोध्या । श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने कहा कि 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में जब राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह हो रहा होगा उसे समय देश के 5 लाख मंदिरों के चारों ओर अयोध्या जैसा ही आनंद उत्सव मनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉक्टर मोहन राम भागवत, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे।

चम्पत राय रविवार को श्रीराम जन्मभूमि के सुग्रीव किला परिसर में आयोजित 'पूजित अक्षत कलश वितरण' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। चम्पत राय ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह में देश के 127 प्रकार के संप्रदाय के पूज्य आचार्य, 13 अखाड़े के प्रतिनिधि शामिल होंगे। रामलला के समक्ष पूजित अक्षत देश के सभी हिस्सों में लेकर कार्यकर्ता जाएंगे। एक से 15 जनवरी, 2014 के बीच कार्यकर्ता टोली बनाकर घर-घर जाएंगे और प्राण प्रतिष्ठा के दिन मोहल्ले के नजदीक मंदिर में एकत्रित आने का निमंत्रण देंगे। अयोध्या के कार्यक्रम का प्रसारण दूरदर्शन पर होगा।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं उडुपी स्थित पेजावर मठ के स्वामी श्री विश्व प्रसन्न तीर्थ महाराज ने कहा कि राम सिर्फ अयोध्या के ही नहीं बल्कि संपूर्ण गांव के हैं। इसलिए गांव-गांव में 22 जनवरी को राम उत्सव होना चाहिए।

कार्यक्रम में अयोध्या के महापौर डॉक्टर गिरीश पति त्रिपाठी, विहिप के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री कोटेश्वर, विहिप के केंद्रीय मंत्री गोपाल जी, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महेंद्र दिनेंद्र दास जी महाराज एवं डॉ. अनिल मिश्रा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के सह क्षेत्र संपर्क प्रमुख मनोज, बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक मनोज वर्मा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संगठन मंत्री सोहन सिंह, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह, अवध के प्रांत संगठन मंत्री राजेश प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Updated : 5 Nov 2023 1:56 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Desk

Swadesh Desk


Next Story
Top