भारत का चीन को सख्त जवाब, अरुणाचल के खिलाड़ियों को वीजा नहीं दिया तो खेल मंत्री ने रद्द किया दौरा

भारत का चीन को सख्त जवाब, अरुणाचल के खिलाड़ियों को वीजा नहीं दिया तो खेल मंत्री ने रद्द किया दौरा
X
अरुणाचल के खिलाड़ियों से भेदभाव पर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने रद्द की अपनी चीन यात्रा

नईदिल्ली। भारत ने चीन के हांगझू में 19वें एशियाई खेलों में अरुणाचल प्रदेश के तीन वुशू एथलीटों को भाग नहीं लेने देने पर पड़ोसी देश के समक्ष कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। इसके अलावा खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने विरोध दर्ज कराते हुए अपनी चीन यात्रा को रद्द कर दिया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि चीनी अधिकारियों ने लक्षित और पूर्व-निर्धारित तरीके से अरुणाचल प्रदेश के कुछ खिलाड़ियों को हांगझू में होने वाले 19वें एशियाई खेलों में मान्यता और प्रवेशसे वंचित करके उनके साथ भेदभाव किया है। भारत प्रदेश या जातीयता के आधार पर भारतीय नागरिकों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार को दृढ़ता से अस्वीकार करता है। अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग था, है और रहेगा।

दिल्ली और बीजिंग में कड़ा विरोध


प्रवक्ता ने कहा, “चीन द्वारा हमारे कुछ खिलाड़ियों को जानबूझकर और चुनकर खेलने से रोकने के खिलाफ नई दिल्ली और बीजिंग में कड़ा विरोध दर्ज कराया गया है। चीन की कार्रवाई एशियाई खेलों की भावना और खेल आयोजनों से जुड़े नियमों का उल्लंघन करती है। नियमों में स्पष्ट रूप से सदस्य देशों के प्रतिभागियों के खिलाफ भेदभाव पर प्रतिबंध है।”

बागची ने कहा कि इसके अलावा चीनी कार्रवाई के खिलाफ विरोध स्वरूप सूचना एवं प्रसारण तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने खेलों के लिए चीन की अपनी निर्धारित यात्रा रद्द कर दी है। भारत सरकार देश के हितों की रक्षा के लिए उचित कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखती है।

Tags

Next Story