Shibu Soren Passes Away: शिबू सोरेन जमीन से जुड़े नेता थे, झारखंड के पूर्व सीएम के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक

Shibu Soren Passes Away : दिल्ली। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन का आज सुबह दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में निधन हो गया। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जाहिर किया है। उन्होंने शिबू सोरेन के बेटे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी फोन पर बातचीत की है। वहीँ झारखंड सरकार ने झामुमो के संस्थापक संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।
जानकारी के मुताबिक, शिबू सोरेन लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और पिछले एक महीने से लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। लगभग डेढ़ महीने पहले उन्हें स्ट्रोक भी आया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'दिशोम गुरु' को जमीन से जुड़े नेता के रूप में याद करते हुए कहा कि वह गरीबों और आदिवासियों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहे।
पीएम मोदी ने अपने अधिकारी एक्स अकाउंट पर पोस्ट सजहा करते हुए कहा कि, शिबू सोरेन जी एक जमीनी स्तर के नेता थे, जो लोगों के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़े। वह विशेष रूप से जनजातीय समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के बारे में भावुक थे। उनके निधन से दुख हुआ। पीएम मोदी ने आगे लिखा कि, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से बात की और संवेदना व्यक्त की। ॐ शांति...
किसने क्या कहा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, 'शिबू सोरेन झारखंड के उन कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे जिन्होंने समाज के कमजोर वर्गों, विशेष रूप से जनजातीय समाज के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए आजीवन संघर्ष किया। वे हमेशा जमीन और जनता से जुड़े रहे। मेरा भी उनसे लंबा परिचय रहा। उनके निधन से मुझे बहुत दुःख हुआ है। उनके परिवार एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिशोम गुरु के निधन पर दुख जाहिर करते हुए उन्हें जल, जंगल, जमीन के अधिकार के लिए लड़ने वाले नेता के रूप में याद किया। उन्होंने एक्स पर कहा, 'झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक, शिबू सोरेन जी के निधन से मैं दुःखी हूं।
उन्होंने अलग झारखंड प्रदेश और वहां के लोगों के जल, जंगल, जमीन के अधिकार और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए आजीवन संघर्ष किया। मैंने उनके सुपुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। दुःख की इस घड़ी में ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करे।'
पटना में आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है। लालू ने कहा, 'वो दलित, आदिवासियों के महान नेता थे। हमसे उनका घनिष्ठ संबंध था। हम उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।'
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने शिबू सोरेन के निधन को आदिवासी आंदोलन के लिए अपूर्णीय क्षति बताया। उन्होंने कहा, 'आदरणीय दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन जी के निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक है। दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि झारखंड और आदिवासी समाज की आत्मा थे। उन्होंने आदिवासी अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और संविधानिक न्याय के लिए जीवन भर संघर्ष किया। उनका निधन एक युग का अंत है।
उनका जाना देश की राजनीति और आदिवासी आंदोलन की अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं श्री हेमंत सोरेन जी और समस्त परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति।'
