AAP और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग फॉर्मूला तय, दिल्ली-हरियाणा-गुजरात-गोवा-चंडीगढ़ में गठबंधन

नईदिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर डील फाइनल हो गई है। जिसका औपचारिक ऐलान आज शनिवार को हो गया। दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब के डिप्टी स्पीकर हॉल में सीट शेयरिंग को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कांग्रेस की ओर से मुकुल वासनिक, दीपक बावरिया, अरविंदर सिंह लवली और आम आदमी पार्टी की ओर से संदीप पाठक, आतिशी एवं सौरभ भारद्वाज पीसी के लिए पहुंचे थे।
दोनों पार्टियों ने पांच राज्यों दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़ और गोवा में लोक सभा चुनाव लड़ने को फैसला किया है। चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। गोवा में कांग्रेस दोनों सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मुकुल वासनिक ने कहा कि गुजरात (26 सीटों) में कांग्रेस 24 और आप 2 (भरूच और भावनगर में) पर चुनाव लड़ेगी। हरियाणा (10 सीट) में कांग्रेस 9 और आप 1 (कुरुक्षेत्र) पर चुनाव लड़ेगी। मुकुल वासनिक ने कहा कि आप और कांग्रेस उन सभी जगहों पर एक साथ प्रचार करेंगे जहां दोनों पार्टियों के उम्मीदवार और भारतीय गठबंधन के अन्य दलों के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगें।
लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली में कांग्रेस और आप के बीच सीट बंटवारे पर दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस उत्तर पूर्व, चांदनी चौक और उत्तर पश्चिम सीट पर चुनाव लड़ेगी। नई दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, दक्षिण दिल्ली और पूर्वी दिल्ली में आप चुनाव लड़ेगी। उधर, आप के सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस और आप स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेंगी। असम में बातचीत का रास्ता अभी भी खुला है।
