मणिपुर में शांति और विश्वास बहाली के लिए काम करेगा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ

मणिपुर में शांति और विश्वास बहाली के लिए काम करेगा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ
X
बाढ़ और मणिपुर पर चिंतन के साथ ही अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक का समापन

ऊटी, स्वससे। कोयम्बतूर के निकट ऊटी में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक में संघ की शाखाओं को उनके सामाजिक दायित्वों के अनुरूप और अधिक सक्रिय करने की चर्चा हुई। तीन दिवसीय इस बैठक में मणिपुर की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि मणिपुर में संघ के स्वयंसेवक समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ मिलकर शांति तथा परस्पर विश्वास का वातावरण बनाने तथा पीड़ित बंधुओं की आवश्यक सहायता करने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। बैठक में संघ स्वयंसेवकों द्वारा पीड़ित लोगों के लिए चल रहे सहायता कार्यों को और अधिक व्यापक करने पर विचार हुआ। समाज के सभी वर्गों से अनुरोध किया गया कि परस्पर सौहार्द एवं शांति स्थापित करने के प्रयासों को गति दें। इसके साथ ही स्थायी शांति एवं पुनर्वास हेतु सरकार से हरसंभव कार्रवाई करने का आवाहन भी किया गया। इसके अलावा बैठक में हाल ही में हिमाचल के मंडी, कुल्लू आदि जिलों, उत्तराखंड एवं दिल्ली में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों हेतु संघ द्वारा चलाए जा रहे सेवा कार्य की समीक्षा की गई, तुरंत करणीय उपायों पर विचार किया गया। पिछले दिनों आई अन्य विपदाओं में किए गये कार्यों से विभिन्न प्रांतों द्वारा सभी को अवगत कराया गया।


श्री आंबेकर ने बताया कि इस वर्ष 2023 में संघ के प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष मिलाकर कुल 105 संघ शिक्षा वर्ग संपन्न हुए, जिसमें देश भर से कुल 21566 शिक्षार्थी सहभागी रहे। इनमें चालीस वर्ष की आयु से कम 16908 तथा चालीस से पैंसठ आयु के 4658 शिक्षार्थियों ने भाग लिया।

बैठक में मुख्यत: संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। इस बैठक में प्रांत प्रचारकों के साथ संघ के परमपूजनीय सरसंघचालक डॉ मोहन जी भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाल तथा सभी सहसरकार्यवाह एवं अन्य सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही संघ प्रेरित विविध संगठन के अखिल भारतीय संगठन मंत्रियों की सहभागिता रही।

Tags

Next Story