चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से सोमवार को पंजाब से आए उद्योगपतियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। यह बैठक हरियाणा निवास में हुई। सीएम ने सभी का स्वागत किया और उन्हें हरियाणा में निवेश के लिए आमंत्रित किया। साथ ही भरोसा दिलाया कि प्रदेश में उद्योग लगाने के लिए सरकार की ओर से हर संभव सहयोग और जरूरी सुविधाएं दी जाएंगी।
फूड प्रोसेसिंग से जुड़े उद्योगपति थे ज्यादातर
प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री से जुड़े उद्योगपति शामिल थे। उन्होंने हरियाणा में मिलने वाली औद्योगिक सुविधाओं और निवेश की संभावनाओं पर सीएम से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग के अलावा दूसरे क्षेत्रों के उद्योगपति भी हरियाणा में निवेश करना चाहते हैं। ऐसे सभी निवेशकों का स्वागत है और उन्हें अनुकूल माहौल व हर तरह की मदद दी जाएगी।
सिंगल विंडो से मंजूरी, जरूरत के हिसाब से जमीन
सैनी ने कहा कि सरकार औद्योगिक विकास की रफ्तार बढ़ाने और निवेश के अनुकूल माहौल बनाने में लगातार जुटी है। उद्योगपतियों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए अलग-अलग विभागों की जरूरी मंजूरियां और सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके अलावा उद्योगों की जरूरत के मुताबिक औद्योगिक जमीन भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि निवेशकों को कारोबार शुरू करने में कोई दिक्कत न आए।
HSIIDC भी संपर्क में
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) लगातार उद्योगपतियों के संपर्क में है और उन्हें प्रदेश में निवेश का न्योता दे रहा है। उनके मुताबिक हरियाणा में निवेश की संभावनाएं बढ़ रही हैं और अलग-अलग सेक्टर के निवेशक यहां उद्योग लगाने में रुचि दिखा रहे हैं।
अंत में सीएम ने उद्योगपतियों से हरियाणा में मौजूद अवसरों का फायदा उठाने और प्रदेश के औद्योगिक विकास में भागीदार बनने की अपील की।