पंजाब में वेयरहाउस DM के सुसाइड मामले में मंत्री लालजीत भुल्लर का नाम सामने आया। 12 सेकेंड का वीडियो सामने आने के बाद CM भगवंत मान ने मंत्री का इस्तीफा लिया, जांच शुरू।
पंजाब में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर द्वारा आत्महत्या करने का मामला तूल पकड़ गया है। अमृतसर में तैनात अधिकारी ने मरने से पहले वीडियो जारी कर मंत्री का नाम लिया, जिसके बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई। पंजाब में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उन्होंने एक 12 सेकेंड का वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्होंने यह कदम मंत्री के डर के कारण उठाया है। वीडियो सामने आने के बाद भगवंत मान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से इस्तीफा ले लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
जांच और सरकार का रुख
राज्य सरकार ने इस पूरे मामले की जांच मुख्य सचिव केएपी सिन्हा को सौंप दी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री ने आरोपों को बताया गलत
इस्तीफा देने के बाद लालजीत सिंह भुल्लर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि आरोप बेबुनियाद हैं और उन्होंने केवल जांच को प्रभावित न होने देने के लिए पद छोड़ा है।

परिवार और विपक्ष के गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों ने मंत्री के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करने की मांग की है। परिवार ने चेतावनी दी है कि जब तक FIR दर्ज नहीं होती, वे शव नहीं ले जाएंगे। वहीं अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला और अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि टेंडर प्रक्रिया को लेकर अधिकारी पर दबाव बनाया गया था।
क्या है पूरा विवाद
विपक्षी नेताओं के अनुसार, वेयरहाउस से जुड़े टेंडर में कथित हस्तक्षेप को लेकर अधिकारी पर दबाव बनाया गया। आरोप यह भी है कि मंत्री के परिजनों के नाम से टेंडर आवेदन किया गया था।हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल, यह मामला प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तर पर संवेदनशील बना हुआ है।