Home > देश > मणिपुर सरकार ने नहीं दी अनुमति, जानिए अब कहां से शुरू होगी राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा'

मणिपुर सरकार ने नहीं दी अनुमति, जानिए अब कहां से शुरू होगी राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा'

राज्य सरकार के फैसले को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण

मणिपुर सरकार ने नहीं दी अनुमति, जानिए अब कहां से शुरू होगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा
X

इंफाल। मणिपुर की राजधानी इंफाल के पैलेस ग्राउंड से प्रस्तावित कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को मणिपुर सरकार ने इजाजत नहीं दी है। इसके बाद कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' मणिपुर में नए स्थान से शुरू होगी।प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष के अनुसार राज्य के थौबल जिले के खोंगजोम से कांग्रेस की यात्रा शुरू हो सकती है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा' 14 जनवरी को इंफाल के पैलेस ग्राउंड से शुरू होने वाली थी। राज्य में मौजूदा कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए मणिपुर सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद इस प्रस्तावित यात्रा की अनुमति नहीं दी है। राज्य सरकार ने इंफाल के पैलेस मैदान पर 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के आयोजन का आवेदन खारिज कर दिया है। राज्य सराकर के अनुमति ने देने के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अब उनका कार्यक्रम इंफाल के पैलेस ग्राउंड से नहीं, बल्कि मणिपुर के किसी अन्य स्थान से शुरू होगा। वेणुगोपाल ने कहा कि जब हम पूर्व से पश्चिम की ओर अपनी यात्रा शुरू करते हैं, तो मणिपुर से कैसे छोड़ सकते हैं। हम यह यात्रा मणिपुर में किसी अन्य स्थान से शुरू करेंगे। इसकी जानकारी बाद में साझा की जाएगी। उन्होंने कहा कि मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मेघचंद्र ने पांच दिन पहले मणिपुर के मुख्य सचिव से इंफाल के पैलेस मैदान से कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को अनुमति देने की मांग की थी। इसके लिए मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने व्यक्तिगत रूप से राज्य के मुख्य सचिव से मुलाकात भी की थी। लेकिन दुर्भाग्य से मणिपुर सरकार ने बुधवार को कांग्रेस का आवेदन खारिज कर दिया है।

कांग्रेस ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण -

इस बीच, मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और विधायक के मेघचंद्र ने राज्य सरकार के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि हालांकि, उन्होंने पैलेस मैदान पर 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के आवेदन को खारिज कर दिया, लेकिन उन्होंने थौबल जिले के खोंगजोम में एक निजी स्थल को चुना है। वहीं से पार्टी के केंद्रीय नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू होगी। मेघचंद्र ने कहा कि कांग्रेस के अखिल भारतीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 14 जनवरी को झंडा फहराकर यात्रा की शुरुआत करेंगे। रैली में पैदल मार्च और बस यात्रा होगी। मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मेघचंद्र ने कहा कि लगभग 6,713 किमी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' 14 राज्यों के 85 जिलों को कवर करेगी।

14 जनवरी से शुरू होगी यात्रा -

उल्लेखनीय है कि मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में पत्रकारों को बताया था कि राज्य में मौजूदा कानून व्यवस्था की स्थिति अच्छी नहीं है। ऐसे में इस बात की समीक्षा की जा रही है कि क्या कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रस्तावित 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को इजाजत दी जा सकती है। सुरक्षा एजेंसियों से मिली रिपोर्ट की समीक्षा की जा रही है। कांग्रेस की प्रस्तावित यात्रा 14 जनवरी को शुरू होगी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।

Updated : 10 Jan 2024 11:47 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top