मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, एअर इंडिया और इंडिगो के विमानों के पंख टकराए

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। रनवे पर मूवमेंट के दौरान एअर इंडिया और इंडिगो के दो विमानों के पंख आपस में टकरा गए। राहत की बात यह रही कि दोनों विमानों में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं.घटना के बाद कुछ देर के लिए एयरपोर्ट पर हलचल मची रही, वहीं संबंधित फ्लाइट्स की आवाजाही पर भी असर पड़ा।
पुशबैक और टैक्सी के दौरान हुआ टकराव
मिली जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2732 मुंबई से कोयंबटूर के लिए उड़ान भरने वाली थी। टेक-ऑफ से पहले विमान को पुशबैक किया जा रहा था। उसी समय इंडिगो की फ्लाइट 6E-4791, जो हैदराबाद से मुंबई पहुंची थी, लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रही थी.इसी दौरान दोनों विमानों के विंगटिप आपस में टकरा गए। टक्कर से एअर इंडिया के विमान के पंख के सिरे को नुकसान पहुंचा है।
यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति को संभाला। एअर इंडिया की मुंबई-कोयंबटूर फ्लाइट को रोक दिया गया और तकनीकी जांच शुरू की गई। यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया.इस घटना के चलते फ्लाइट AI-2732 अपने निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर सकी और उसमें देरी हुई।
जांच के आदेश
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, घटना की जांच की जा रही है कि पुशबैक और टैक्सी के दौरान समन्वय में कहां चूक हुई। कुछ देर की असुविधा के बाद एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन सामान्य कर दिया गया.अब निगाहें जांच रिपोर्ट पर हैं, जिससे यह साफ हो सके कि रनवे मूवमेंट के दौरान यह टक्कर कैसे हुई।
