कौन हैं रितु तावडे जो BMC में BJP की होंगी पहली मेयर, शिवसेना के संजय डिप्टी मेयर बनेंगे

मुंबईः महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर अब साफ हो गई है। महायुति गठबंधन ने सिविक बॉडी के दो सबसे अहम पदों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। बीजेपी की रितु तावडे ने मेयर पद के लिए, जबकि शिवसेना के संजय शंकर घाड़ी ने डिप्टी मेयर पद के लिए अपना नॉमिनेशन दाखिल किया है।
इस पद को लेकर बीजेपी ने उम्मीदवार के चयन में 3M का कार्ड खेला है। मेयर के लिए रितु तावड़े के चयन की तीन मराठी, महिला और सीनियर होने के चलते महाराष्ट्र बीजेपी की महारथी भी हैं।
नामांकन के बाद संजय शंकर का बयान
नॉमिनेशन दाखिल करने के बाद शिवसेना नेता संजय शंकर ने महायुति नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गठबंधन ने जिस भरोसे के साथ उन्हें डिप्टी मेयर पद के लिए चुना है, वे उस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे।
महिला आरक्षण के कारण अहम बना मेयर पद
मेयर का पद महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित होने के चलते बीजेपी ने रितु तावडे को मैदान में उतारा है। रितु तावडे घाटकोपर के वार्ड 132 से कॉर्पोरेटर हैं और पार्टी में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वहीं, शिंदे गुट की शिवसेना ने संजय शंकर को डिप्टी मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है।
अगले मेयर को लेकर अनिश्चितता खत्म
महायुति गठबंधन द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद मुंबई के अगले मेयर को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। सिविक हाउस में गठबंधन के पास स्पष्ट बहुमत है, ऐसे में 11 फरवरी को BMC मुख्यालय में होने वाली वोटिंग में इनके उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
डेढ़ साल तक डिप्टी मेयर रहेंगे संजय शंकर
शिवसेना की ओर से जारी पार्टी सर्कुलर में बताया गया है कि मागाठाणे के वार्ड 5 से कॉर्पोरेटर संजय शंकर करीब डेढ़ साल तक डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी संभालेंगे। यह फैसला शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे के निर्देश पर लिया गया है और सभी कॉर्पोरेटरों को इसका पालन करने को कहा गया है।
विपक्ष के लिए चुनौती
मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 7 फरवरी है। माना जा रहा है कि उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना और कांग्रेस भी अपने उम्मीदवार उतार सकती हैं, लेकिन मौजूदा संख्या बल को देखते हुए उनके लिए मुकाबला आसान नहीं होगा। वहीं, दोनों उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल कर दिए हैं।
कौन हैं मेयर की रेस में शामिल रितु तावड़े
रितु राजेश तावड़े मुंबई की घाटकोपर से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं। वह वर्तमान में महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत हैं। इसके पहले बात करें तो बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष रह चुकी हैं। रितु अपने क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हैं। उन्हें नागरिकों से जुड़कर उनकी समस्याओं को समझने और हल करने की क्षमता के लिए पार्टी में जानी जाती हैं।
इसके साथ ही खास बात यह है कि मराठा समुदाय से होने के बावजूद, उन्होंने वह वार्ड जीता जहां गुजराती मतदाताओं की संख्या काफी ज्यादा है। वह जनता की शिकायतों को प्रभावी तरीके से हल करने में पूरी तरह सक्षम हैं। रितु के राजनीतिक इतिहास की बात करें तो उन्होंने 2012 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था।
