अद्भुत शिल्पकार थे मदनदास देवी: होसबोले

अद्भुत शिल्पकार थे मदनदास देवी: होसबोले
X
राष्ट्रीय विचारधारा के प्रखर चिंतक थे मदनदास देवी: राजनाथ सिंह

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि मदनदास देवी के देहांत से असंख्य लोगों जिनको वेदना का अनुभव हुआ है उसमें से वह भी हैं। मदनदास जी मनुष्य निर्माण एवं संगठन निर्माण के अद्भुत शिल्पकार थे। होसबोले ने सोमवार को जेएलएन स्टेडियम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सह-सरकार्यवाह एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय संगठन मंत्री मदनदास देवी की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देवी को लोगों की परख थी। उसी अनुरूप वह लोगों को जिम्मेदारियां देते थे। मदनदास मनुष्य व्यवहार के निपुण पारखी थे। वह संगठन शिल्पी के रूप में हमेशा स्मृति में रहेंगे।

पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि उनको मदनदास देवी ने समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। उनके पास देश सेवा का मिशन था। उनको सेवा करने का तरीका पता था और उस पथ पर चलने और चलाने की कला थी विद्यार्थी परिषद् को जिस भाव से उन्होंने खड़ा किया वह अद्भुत है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मदनदास देवी राष्ट्रीय विचारधारा के प्रखर चिंतक और समाज सेवी थे। वह पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट थे। वह चाहते तो आराम से जीवन व्यतीत कर सकते थे लेकिन उन्होंने समाज सेवा का कार्य चुना। उन्होंने समाज को परिवार मानकर जीवन भर सेवा की। सिंह ने कहा कि वह सामान्य कार्यकर्ता से भी कुछ जानने की कोशिश करते थे और उससे भी सलाह लेते थे। वह कार्यकर्ताओं को परिवार भाव से देखते थे। उन्होंने अपने कृत के माध्यम से एक विचारधारा का पुंज हमें दिया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मदनदास देवी ने प्रतिकूल परिस्थितियों में सतत रहने का सूत्र दिया और हमारा मार्गदर्शन किया। वह लोगों की ताकत और सीमाओं को आंकने में माहिर थे। वरिष्ठ पत्रकार राम बहादुर राय ने कहा कि मदनदास जी कभी व्यक्ति निष्ठ नहीं थे, वह विचार निष्ठ थे। वह मौलिक थे और अपने विचार के प्राणी थे। उन्होंने विद्यार्थी परिषद् की दिशा बदली और उसे छात्र शक्ति का केन्द्र बनाया। मदनदास ने संगठन को मजबूत करने के लिए कई सफल प्रयोग किया।

उल्लेखनीय है कि मदनदास देवी की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल, अरुण कुमार, पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, पीयूष गोयल, अनुराग ठाकुर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान सहित हजारों लोगों ने उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।

गत 24 जुलाई को 81 वर्ष की आयु में मदनदास देवी का निधन बेंगलुरु में हुआ था। मदनदास देवी की आपातकाल के दौरान विद्यार्थियों के लोकतंत्र को बचाने के आंदोलन में प्रमुख भूमिका रहने के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से विभिन्न सकारात्मक व रचनात्मक परिवर्तनों में उनका प्रमुख हस्तक्षेप रहा।

मदनदास देवी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 22 वर्षों तक अखिल भारतीय संगठन मंत्री रहे और उन्होंने संगठन को गढ़ने में महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में परिवर्तित करने में अति महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रहने के उपरांत वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह रहे। वे आजीवन भारतीयता के विचार व मूल्यों से प्रेरित हो सकारात्मक परिवर्तन निमित्त संकल्पित रहे।


Next Story